Thursday, March 3, 2011
कहां से आएगा सच्चा नायक?
रिश्वत लेने और देने वाले पहले से ज्यादा चालाक हो गये हैं। नोटों की गड्डियां मुसीबत खडी कर सकती हैं इसलिए शातिर और चालाक लोगों ने इस परंपरा को निभाने के लिए नये-नये तौर तरीके ईजाद कर लिये हैं। अभी हाल ही में नालको के चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक को सोने की ईटे लेते पकडा गया है। देने वाले का भी पता चल गया है पर उसे फौरन सलाखों के पीछे नहीं भेजा जा सका। हमारे यहां यही सबसे बडी बुराई भी है और कमजोरी भी। रिश्वत देने वाले को वो सजा नहीं दी जाती जिसका वह हकदार होता है। देने वाले न हों तो लेने वालों के पैदा होने का सवाल ही नहीं उठता। अपना काम निकालने के लिए नौकरशाहों को भ्रष्ट करना व्यापारियों और उद्योगपतियों का जाना-पहचाना धंधा है। ये धंधेबाज सोने और चांदी की ईटों की खैरात बांटकर मंत्रियों और अफसरों को खरीदते-खरीदते न जाने कितनी सफलता (?) की सीढिंयां चढ जाते हैं। इनमें से कुछ टाटा, बिडला, अंबानी बन पूरे देश को अपनी उंगलियों पर नचाते हैं और खून-पसीने की कमायी खाने वाले इन्हें देखते ही रह जाते हैं। यह ऐसी दास्तां है जिसका कोई ओर-छोर नहीं है। हदें पार हो चुकी हैं इसलिए हाहाकार मचा है जो बहुत दूर तक सुनायी दे रहा है। कल तो जो सच्चाई पर्दे में कैद थी आज पूरी तरह से बाहर आ गयी है। लोग जान गये हैं कि वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था में देश का किसी भी हालत में भला नहीं हो सकता। भला सिर्फ उन्हीं का होगा जिनके हाथ में सत्ता है या फिर जो सत्ता को खरीदने की ताकत रखते हैं। देश की विधानसभाओं और संसद में भ्रष्टाचारियों का ही वर्चस्व है। अधिकांश विधायक और सांसद देश को लूटने की फिराक में लगे रहते हैं। उनके पास उनके लिए भी वक्त नहीं जिन्होंने इन पर आस्था जताकर लोकतंत्र के मंदिर तक पहुंचाया। जिन्होंने मंदिरों की पवित्रता नष्ट कर दी है क्या उन्हें दंड नहीं मिलना चाहिए...? कौन इन्हें दंडित करेगा? आज यह सवाल सभी देशप्रेमियों के दिल और दिमाग में हलचल मचाये हुए है। देश को किसी सच्चे नायक की तलाश है। पर अफसोस! सवा सौ करोड की आबादी वाले देश में आज एक भी सच्चा नायक नहीं मिल रहा है। दरअसल जिस रफ्तार से नायक खलनायक बनते चले गये उसी के चलते अब भारतवासी किसी पर आसानी से यकीन करने को तैयार नहीं हैं।देश को अपने चंगुल में ले चुके सर्वव्यापी भ्रष्टाचार के खिलाफ योग गुरु बाबा रामदेव ने ताल ठोक दी है। उनके साथ समाज सेवक अन्ना हजारे, भाजपा के कारतूस रामजेठमलानी, किरण बेदी, सुब्रम्हण्यम स्वामी, गोविंदाचार्य, स्वामी अग्निवेश, कवि हरिओम पवार जैसे लडाकू चेहरे भी खडे नजर आ रहे हैं। बीते सप्ताह देश की राजधानी दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में बाबा ने ऐलान किया कि 'हम योग भी सिखाएंगे और भ्रष्टाचार को भी मिटाएंगे। विदेशों में जमा किया काला धन वापस लाया जाएगा। यही नहीं, देश के बच्चों को राजनीति व भ्रष्टाचार रोकने की शिक्षा भी दी जाएगी।' कांग्रेस पर खुल कर निशाना साधते बाबा के विचारों से हर कोई सहमत है पर घूम-फिर कर बात वहीं पर आ जाती है कि क्या देश की तमाम जनता इस बडबोले योगी पर विश्वास करने को तैयार है? कहा जा रहा है कि राजनीति में आने की छटपटाहट में योग गुरु बाबा रामदेव आज हर वह पैंतरा अपना और आजमा रहे हैं जो राजनीति और सत्ता का भूखा व्यक्ति अपनाता है। राजनीति के धुरंधरों का यह भी मानना है कि बाबा को अपने बारे बहुत बडी गलतफहमी हो गयी है। वे यह भूल गये हैं कि लोग उनके पास योग सीखने और निरोगी रहने के गुर जानने के लिए आते हैं। बाबा अपने योग कार्यक्रमों में एकत्रित होने वाली अपार भीड को देख हवा में उड रहे हैं और उन्हें लगने लगा है कि यह भीड उन्हें एक राजनेता के रूप में भी स्वीकार करने को आतुर है।बाबा रामदेव खुद को साधु-संन्यासी कहते नहीं थकते। पर वे यह भी भूल गये हैं कि राजनीति संत का पेशा नहीं है। योग की दुकान से सत्ता के गलियारों में अपनी पैठ जमाने की तीव्र लालसा पाले बाबा के विरोध में जहां बहुतेरे लोग ख‹डे नजर आते हैं वही उनके पक्षधरों की भी कमी नहीं है। अच्छी-खासी पूंजीपतियों की जमात उनके साथ है। कुछ मीडिया दिग्गज भी प्रचारक और प्रायोजक की भूमिका में हैं। सत्ता की चाशनी किसे अच्छी नहीं लगती। इसके लिए अच्छे-अच्छों को भटकते देखा गया है। मुझे यह पंक्तियां लिखते वक्त साध्वी उमा भारती की याद आ रही है। वे जब धार्मिक प्रवचन करती थीं तब लाखों-करोडों की चहेती थीं पर राजनीति ने उनका जो हश्र किया वो किसी से छिपा नहीं है। उमा भारती को भी यह भ्रम हो गया था कि उनके प्रवचन सुनने के लिए जो हजारों-लाखों की भीड जुटती है वह उन्हें एक राजनेता के रूप में भी सहर्ष स्वीकार कर लेगी। वे भारतीय जनता पार्टी से जुड गयीं। एक लहर थी जिसने साध्वी की नैया पार भी लगा दी। वे मध्यप्रदेश की मुख्यमंत्री भी बनीं पर राजनीति के खिलाडियों ने उनके ऐसे होश ठिकाने लगाये कि वे कहीं की नहीं रहीं। आज की तारीख में साध्वी यहां से वहां भटक रही हैं और उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। राजनीति और सत्ता की भूख ने उनकी छवि को इस कदर धूमिल करके रख दिया है कि इस जन्म में तो कहीं कोई सुधार की गुंजाइश ही नहीं दिखती। बाबा रामदेव के इरादे नेक हो सकते हैं पर उनके इर्द-गिर्द खडे नजर आने वाले कुछ चेहरे पूरी तरह से स्वच्छ नहीं हैं। जेठमलानी जैसे सत्ता लोलुपों ने जब भाजपा को कहीं का नहीं छोडा तो बाबा कहां दिखेंगे राम ही जानें...। कहा तो यह भी जा रहा है कि बाबा तो पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी के मोहरे हैं? इस पार्टी ने सत्ता तक पहुंचने के लिए जिस तरह से कभी साध्वी उमा भारती, ऋतंभरा और अन्य कई साधु-संतों को आगे कर वोट हथियाये थे वैसे ही बाबा को आगे खडा कर फिर से केंद्र की सत्ता पाने के सपने देखने शुरू कर दिये हैं। अगर यह सच है तो बाबा रामदेव और भाजपा के सपने धरे के धरे रह जाने वाले हैं क्योंकि इस देश की जागरूक जनता अब और अधिक धोखे खाने को तैयार नहीं है...।
Thursday, February 24, 2011
नेताओं की गुंडागर्दी
शरद पवार देश के नामी-गिरामी नेता हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। वर्षों से केंद्र की सत्ता की मलाई खा रहे हैं। राजनीति से ज्यादा क्रिकेट के प्रति उनका जो लगाव है वह देशवासियों से छिपा नहीं है। कई लोगों का मानना है कि शरद पवार राजनीति के ऐसे मंजे हुए खिलाडी हैं जिन्हें मात देना हर किसी के बस की बात नहीं है। खुद पर निरंतर लगने वाले गंभीर से गंभीर आरोपों के जवाब में चुप्पी अख्तियार कर लेना उनकी पुरानी आदत है। उन पर देशद्रोही, माफिया सरगना दाऊद इब्राहिम के करीबी होने के बहुतेरे आरोप लगे। पर वे खामोशी ओढे रहे। सामाजिक कार्यकर्ता खैरनार का तो यह भी दावा है कि दाऊद को यदि शरद पवार की छत्रछाया नहीं मिलती तो वह हिंदुस्तान की धरती पर बम-बारूद बिछाकर असंख्य भारतीयों की जान लेने की हिम्मत और जुर्रत नहीं कर पाता। कहने वाले तो यह भी दावे के साथ कहते हैं कि आज की तारीख में शरद पवार बेहिसाब दौलत के मालिक हैं। उनकी तिजोरियों में अरबों-खरबों रुपये और हीरे-जवाहरात का जखीरा भरा पडा है। धन संपत्ति के मामले में अंबानी-टाटा जैसे उद्योगपति उनके समक्ष दूध पीते बच्चे हैं। शरद पवार की इकलौती पुत्री भी सांसद हैं। उनके भतीजे अजीत पवार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री हैं। यानि पूरा कुनबा देश की राजनीति में जमा हुआ है। केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार के पुत्र की भूमिका उनके भतीजे निभाते चले आ रहे हैं। अजीत पवार खुलकर कहने और करने वाले शख्स हैं। वे जो कहते हैं उस पर अमल भी करते हैं। उनका मानना है कि राजनीति में वही सफल हो सकता है जिसे गुंडागर्दी में महारत हासिल हो। राजनीति में अभूतपूर्व सफलता तभी मिलती है जब शराफत के चोले को उतार फेंका जाए और खुलकर 'दादागिरी' की राह अपना ली जाए। दरअसल राजनीति सीधे-सादे लोगों के बस की बात ही नहीं है। जब तक टेढे नहीं बनेंगे तब तक कुछ भी हासिल नहीं होगा। यकीनन अजीत दादा की तारीफ करने में कंजूसी नहीं की जानी चाहिए। इस तरह की स्पष्टवादिता के लिए बहुत बडा कलेजा चाहिए। इस मामले में महाराष्ट्र के इस धाकड उपमुख्यमंत्री का कोई हाथ भी नहीं पकड सकता। जो दिल में आता है कह देते हैं। पत्रकारों को भी फटकारने और लाठी-डंडे का भय दिखाने में पीछे नहीं रहते। ताऊ भले पत्रकारों से भतीजे के किये-धरे की माफी मांग लें पर भतीजे के कालर टाइट रहते हैं। राजनीति के पुराने और नये खिलाडी में यही तो फर्क है। अजीत पवार का एक ही सपना है जैसे भी हो महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनना है। इसके लिए वे अपनी फौज भी तैयार कर रहे हैं। अपनी फौज के सिपाहियों का मनोबल बढाये रखना हर कप्तान का दायित्व होता है। दरअसल इसी दायित्व को निभाते हुए अजीत दादा ने अपने चंगुओं-मंगुओं को कर्तव्य और निष्ठा का पाठ पढाते-पढाते खुद को 'टांग्या' की उपाधि से विभूषित कर डाला। मराठी के इस शब्द का अर्थ है: बदमाश और आवारा छोकरा। इस मूलमंत्र से कौन वाकिफ नहीं है कि राजनीति में अपने नेता को आदर्श मानकर उसके चरित्र और क्रियाकलापों का अनुसरण करने वाले ही आगे बढते हैं। तय है जिन्हें आगे बढना है वे अपने गुरु के आदेश का पालन करेंगे ही। ऐसे में राजनीति का क्या होगा?... जैसे सवालों पर ज्यादा दिमाग खपाने की कोई जरूरत नहीं बचती। सब कुछ प्रत्यक्ष दिखायी दे रहा है। कुछ भी लुका-छिपा नहीं है। हमारे देश के राजनेताओं को सच का आईना दिखाने वाले कतई पसंद नहीं आते। भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाने वाले बाबा रामदेव ने जब भ्रष्ट मंत्रियों की हकीकत बयां की तो एक कांग्रेस के सांसद इतने बौखला गये कि बाबा को गालियां देने पर उतर आये। ऐसा तो हो नहीं सकता कि सांसद गालियों का अर्थ न जानता हो। योगगुरु तो भ्रष्टाचार मिटाने और विदेशों में जमा काले धन को वापस लाने की बात कर रहे थे और सांसद महोदय उन्हें ब्लडी इंडियन और कुत्ता कहकर अपनी असली औकात दिखा गये...।सच तो यह है कि यह गाली किसी रामदेव को नहीं दी गयी है बल्कि उन सभी राष्ट्रभक्तों को दी गयी है जिन्हें अपने देश से प्यार है और गद्दारों से नफरत है। तय है कि सांसद के मुंह से भद्दी-भद्दी गालियां इसलिए बरसीं क्योंकि उन्हें बाबा के द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान से डर लगने लगा है। सांसद महोदय भ्रष्टाचार, बेईमानी, लूट-खसोट और काले धन के हिमायती हैं। जो लोग इनके साथ खडे हैं और जिन्होंने आंख, कान और मुंह बंद कर रखे हैं वे अच्छे और भले लोग हैं और विरोध करने वाले ब्लडी इंडियन... कुत्ते हैं...।अरुणाचल प्रदेश के सांसद निनोंग एरिंग और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत दादा के बीच ज्यादा फर्क दिखायी नहीं देता। दोनों को आईना दिखाने वालों से नफरत है। दोनों यही चाहते हैं कि दुनिया का सारा कारोबार उन्ही के हिसाब से चले। जो इनकी न माने उसके होश ठिकाने लगा दो। जनता के वोट से चुने गये कुछ जनप्रतिनिधि कितने मुंहफट, निर्लज्ज और बेलगाम हो जाते हैं उसका जीता-जागता प्रमाण हैं ये लोग। पत्रकार बेचारे इन नेताओं के लिए क्या-क्या नहीं करते। गली-कूचों से शहरों में लाते हैं। राजधानियों की रोशनियों में पहुंचाते हैं और यह नेता मतलब निकलते ही दूध में गिरी मक्खी की तरह उन्हें निकाल फेंकते हैं! दरअसल अजीत दादा जैसे अहंकारी सत्ताधीशों की निगाह में असली पत्रकार वही है जो उनके पक्ष में लिखे। उनकी तारीफों के पुल बांधे। जो ऐसा नहीं कर सकते उन्हें डंडे से सबक सिखाना भी दादा को खूब आता है। कुछ नेता यह काम पर्दे में रहकर करते हैं और दादा जैसे राजनेता डंके की चोट पर...।
Thursday, February 17, 2011
जा को राखे सोनिया...
देश के वर्तमान प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पर कोई कितने भी आरोप लगा ले पर उन्हें भ्रष्टाचारी तो कतई नहीं सिद्ध किया जा सकता। यह बात अलग है कि जब देश के प्रधानमंत्रियों का लेखा-जोखा इतिहास की किताब में दर्ज होगा तो यह भी जरूर लिखा जायेगा कि यह दोनों प्रधानमंत्री खुद तो पूरी तरह से ईमानदार थे पर इनकी छत्र छाया में भ्रष्टाचारियों ने जमकर देश को लूटा और चांदी काटी। दोनों ईमानदार शासक बेइमानों पर अंकुश नहीं लगा पाये। अटल बिहारी वाजपेयी के शासन काल में महाजनों और सौदागरों ने देश की लुटिया डुबोने में कोई कसर नहीं छोडी तो मनमोहन के काल में भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारी इतने बेलगाम हो गये कि उन्हें बडे से बडा भ्रष्टाचार करने में कोई शर्म नहीं आयी। ऐसा लगा जैसे भ्रष्टाचारियों में एक दूसरे को मात देने की प्रतिस्पर्धा चल रही हो। इसी प्रतिस्पर्धा के चक्कर में देश लुटता रहा और देश के मुखिया यह सफाई देते रहे कि हम बेबस हैं। इसमें हमारा कोई दोष नहीं है। अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह बेबस और मजबूर होने के बावजूद देश के प्रधानमंत्री बने रहे। देश चलता रहा। देश चल रहा है...। देशवासी यह भी जान समझ रहे हैं कि इस देश को प्रधानमंत्री नहीं सोनिया गांधी चला रही हैं। कांग्रेस की सुप्रीमो सोनिया गांधी की गुडबुक में जिन लोगों के नाम हैं उनकी अच्छी-खासी मनमानी चल रही है। अगर यह कहें कि उनकी मनमानियों और मक्कारियों की जानबूझ कर अनदेखी की जा रही है तो गलत नहीं होगा। मनमोहन सरकार में एक केंद्रीय मंत्री हैं विलासराव देशमुख। यह महाशय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में ग्रामीण विकास मंत्रालय की कमान संभाले हुए हैं। विलासराव देशमुख का नाम सोनिया गांधी की गुडबुक के पहले पन्ने पर दर्ज है इसलिए उनके सभी गुनाह नजर अंदाज कर दिये जाते हैं। वैसे भी अपने भक्तों पर देवता हमेशा मेहरबान रहते हैं। उन पर कोई आंच नहीं आने देते। विलासराव देशमुख जब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे तब विदर्भ में किसानों की आत्महत्याओं ने जोर पकड लिया था। कोई भी दिन ऐसा नहीं जाता था जब किसानों की आत्महत्या की खबर पढने और सुनने को न मिलती रही हो। देश और दुनिया के लोग हैरान थे कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है? महाराष्ट्र तो खाते-पीते प्रदेशों में गिना जाता रहा है। एक खुशहाल प्रदेश के अन्नदाता के इतने बुरे हाल कैसे हो गये कि उसे फांसी के फंदे पर झूलना पड रहा है। जहर खाकर जान देनी पड रही है! तब मनमोहन सरकार ने किसानों को राहत प्रदान करने के लिए हजारों करोड रुपये की सहायता उपलब्ध करायी थी। यह सहायता किसानों को मिली या नहीं मिली इसका जवाब देना आसान नहीं है। पर किसानों की चिंता तो हर किसी को थी। तब एक सच्चाई यह भी उभर कर आयी थी कि विदर्भ के किसानों को साहूकारों ने त्रस्त कर रखा है। किसानों को कर्जा देने वाले यह साहूकार इतना अधिक ब्याज वसूलते हैं कि मूलधन ज्यों का त्यों बना रहता है। किसानों की जमीनें तक हडप कर ली जाती हैं और कर्ज चुकता नहीं हो पाता। किसानों का शोषण करने वाले साहूकार तो 'राजा' जैसा जीवन जीते हैं और किसानों को भीख का कटोरा हाथ में थामने को विवश होना पडता है। तब एकाएक होश में आयी महाराष्ट्र सरकार ने किसानों को लूटने-खसोटने वाले अनेकों साहूकारों पर कानूनी फंदा कसा था और कइयों को जेल की हवा भी खिलायी थी। सरकार के इस कदम को सबने सराहा था पर एक कटु सच यह भी था कि प्रदेश के मुखिया विलासराव देशमुख ने सच्चे राजा की भूमिका कतई नहीं निभायी। उन्होंने अपनों को बख्शा और गैरों को सजा दी।खामगांव के विधायक दिलीप सानंदा का परिवार साहूकारी का धंधा करता था। जिस तरह से दूसरे साहूकारों ने किसानों को कर्ज देकर लूटने-खसोटने का गोरखधंधा शुरू कर रखा था उसी तरह से विधायक सानंदा भी बहती गंगा में हाथ धो रहे थे। उनके खिलाफ कई शिकायतें आयीं। कई किसानों ने अपनी फरियाद सुनायी कि सानंदा परिवार ने उनकी करोडों रुपये की जमीन हथिया ली है। यह परिवार वर्षों से किसानों का शोषण करता चला आ रहा है। चूंकि विधायक का मामला था और देशमुख के इनसे काफी मधुर रिश्ते थे इसलिए इन पर आंच भी नहीं आयी। किसानों का शोषण करने में माहिर सानंदा परिवार देशमुख का अंधभक्त रहा है और देशमुख भी भक्त को प्रसन्न रखने की कला में माहिर हैं। देशमुख ने तो अपनी दोस्ती निभा दी पर सानंदा परिवार के खिलाफ शिकायतों का सिलसिला बढता चला गया। बात यहां तक जा पहुंची कि मामला कोर्ट में भी जा पहुंचा। अदालतें रिश्ते नहीं निभातीं। देशमुख ने जो दोस्ती निभायी थी और पुलिस कार्रवाई में जो बाधा डाली थी उसका खामियाजा सरकार को भुगतना पडा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुसार महाराष्ट्र सरकार को दस लाख का जुर्माना भरना पडा। सुप्रीम कोर्ट ने देशमुख को फटकार लगाते हुए कहा कि उनका व्यवहार घोर अराजकतावादी था। पर देशमुख को इस से कोई फर्क नहीं पडा। वे भले ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री नहीं हैं पर केंद्र में तो मौज मना ही रहे हैं। अदालत जिस शख्स को दोषी मानती है उसे कांग्रेस सुप्रीमो पाक-साफ मानती हैं इसलिए डॉ. मनमोहन सिंह ने भी खुशी-खुशी ग्रामीण विकास मंत्रालय की कमान देशमुख को सौंप दी। यह भी गौर करने वाली बात है जब देशमुख को यह आलीशान तोहफा दिया गया तो किसानों के शोषक और हत्यारे विधायक सानंदा इतने प्रफुल्लित हुए कि उन्होंने अपने देवता को चांदी का मुकुट और चांदी की तलवार भेंट करने में जरा भी देरी नहीं लगायी। इतना ही नहीं सानंदा ने अपने गांव की दिवारों पर देशमुख को बधाई देने वाले बडे-बडे पोस्टर चिपकाये और लगाये गये जिन पर लिखा था-'जा को राखे साईयां, मार सके ना कोय...।'
Thursday, February 10, 2011
उत्सव और उत्सव
उत्सव शर्मा को कई लोग सनकी कहते हैं। पागल और बेवकूफ कहने वालों की भी कमी नहीं है...। वह अनपढ नहीं है। पढा-लिखा है। पर उसकी हरकतें उसे जेल की सैर करा चुकी हैं। अपनी करनी पर अफसोस जताना भी उसे कतई गवारा नहीं है। वह कहता है अगर हालात ऐसे ही रहे तो वह नहीं बदलेगा। उसका आक्रोश कानून की अनदेखी कर किसी भी हद तक जा सकता है। देश की व्यवस्था के प्रति उसके मन में जो रोष भरा पडा है उसी का ही नतीजा है कि उसने गाजियाबाद अदालत परिसर में डॉ. राजेश तलवार पर अचानक हमला कर लोगों को चौंकने और सोचने पर विवश कर दिया। इससे पहले उत्सव हरियाणा के पूर्व डीजीपी राठौर पर भी हमला कर चुका है। जवानी के जोश से लबालब उत्सव का मानना है कि डॉ. तलवार और राठौर दोनों मुजरिम हैं। हत्यारे हैं। डॉ. तलवार के हाथ अपनी बेटी आरुषि के खून से रंगे हैं तो राठौर ने रुचिका को मौत को गले लगाने के लिए विवश किया। हमारे देश का कानून दोनों का कुछ भी नहीं बिगाड पाया। अपने रुतबे, रसूख और दौलत के दम पर कई अपराधी बडी आसानी से बच निकलते हैं। जिनके पास यह सब कुछ नहीं होता वे बडी आसानी से सजा के हकदार हो जाते हैं। कानून की इस कमजोरी से खफा होकर अपनी खीज, झुंझलाहट और गुस्से का इजहार करने वाले युवक उत्सव शर्मा के बारे में तो लोगों ने जान लिया पर न जाने और भी कितने उत्सव हैं जो व्यवस्था से नाखुश हैं। वे अभी तक खामोश हैं। कानून को हाथ में लेना उन्हें नहीं सुहाता। पर जब बर्दाश्त करने की ताकत ही खत्म हो जाए तो एक अच्छे भले इंसान को उत्सव शर्मा बनने में कितनी देरी लगती है? एक अकेले उत्सव को सनकी, पागल और सिरफिरा कह कर जेल में डाला जा सकता है पर जब असंख्य उत्सवों का सडकों पर उतर आने का खतरा मंडरा रहा हो तो...? यह खतरा अब ज्यादा दूर नहीं है। देश की राजधानी दिल्ली हो या देश के अन्य शहर-कस्बे हर कहीं नारियों पर होने वाले अत्याचारों में इजाफा होता चला जा रहा है। हत्या, व्याभिचार और बलात्कार तो रोज हो रहे हैं पर नाम मात्र की खबरें राष्ट्रीय मुद्दा बन पाती हैं। दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में बच्चियों और युवतियों के साथ चौबीस घंटे ऐसा बहुत कुछ घटता रहता है जो किसी भी संवेदनशील इंसान के खून में उबाल ला सकता है। खादी में नेता और खाकी में पुलिस वाले इतने अपराध कर चुके हैं कि आम लोग इन पर विश्वास करने में कतराने लगे हैं। आम आदमी यह भी मानने लगा है कि वर्तमान राजनीति और राजनेता छल, कपट और फरेब के पर्यायवाची बनकर रह गये हैं। इनके रहते देश का भला होने वाला नहीं है। हालात सुधरेंगे नहीं और बिगडेंगे। जिन्हें देश की चिंता है वे पूरी तरह से बदलाव के इच्छुक हैं। उन्हें आज फिर एक जयप्रकाश नारायण का इंतजार है जो सत्ता का कतई भूखा न हो।इन सत्ता के चटोरों और लुटेरों ने तो देश को कहीं का नहीं रखा। जहां देखो वहां भ्रष्टाचार, अनाचार और व्याभिचार...। समाज में खुलेआम विचरण कर रहे दरिंदों से हर कोई परेशान है। अखबार भी शर्मिंदगी महसूस करने लगे हैं। कोई भी दिन ऐसा नहीं जाता जब बलात्कार की खबरें न आती हों। ऐसे युवकों की संख्या में लगातार इजाफा होता चला जा रहा है जिनके लिए मौजमस्ती ही जीवन का एकमात्र मकसद है। इनकी वहशी हरकतें बताती हैं कि इनके लिए दूसरों की मां-बहनें महज भोग विलास की वस्तु हैं। स्कूल, कॉलेजों और घरों में ही बच्चियों की अस्मत लुटने लगी है। नौकरी करने वाली युवतियों और महिलाओं का तो भगवान ही मालिक है। पिछले दिनों कानपुर में एक दस वर्षीय बच्ची पर स्कूल में ही बलात्कार हो गया। स्कूल प्रशासन अंधा और बहरा बना रहा। बच्ची की अस्पताल में मौत हो गयी। ऐसी कितनी ही मौतें रोज होती हैं पर किसी को कोई फर्क नहीं पडता। फर्क पडे भी क्यों... यहां तो मंत्री से संत्री तक लगभग सभी एक ही रंग में रंगे हैं। उत्तर प्रदेश में मायावती का राज है। उनके राज में अराजक तत्वों की तो छोडिए विधायक तक बलात्कार करने से नहीं चूक रहे हैं। विधायक पुरुषोत्तम द्विवेदी को जनता ने जनप्रतिनिधि का ताज पहनाया पर वह तो अबलाओं की आबरू पर ही हाथ डालने लगा। जब पकडा गया तो मर्दानगी धरी की धरी रह गयी। कहने लगा कि मैं तो नामर्द हूं...। ऐसे हैं जनता के यह सेवक। झूठे, मक्कार और ढोंगी। ऐसे में कैसे और क्यों इन पर भरोसा किया जाए? इन्हीं की देखा-देखी पुलिस भी अपना ईमान-धर्म बेच चुकी है और व्याभिचारियों के हाथों की कठपुतली बन कर रह गयी है।उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश की राजधानी दिल्ली के भी बडे बुरे हाल हैं। शीला दीक्षित के हाथ में दिल्ली की सत्ता है पर महिलाएं यहां भी खून के आंसू रोने को विवश हैं। शीला दीक्षित तो बलात्कार के लिए कहीं न कहीं महिलाओं को भी दोषी मानती हैं। तभी तो वे यह कहने में भी संकोच नहीं करतीं कि महिलाओं को समय देखकर घर से बाहर निकलना चाहिए। जिस देश और प्रदेश के शासक ही लुंज-पुंज हों वहां बलात्कारी, भ्रष्टाचारी और तमाम किस्म के अनाचारियों के पनपने पर आश्चर्य करने की कोई गुंजाइश ही कहां बचती है। इस देश का आम आदमी बेवकूफ कतई नहीं है। उसका राजनीतिज्ञों पर से भरोसा उठ चुका है। सत्ताधीशों की दगाबाजी और कमीनगी के चलते उसका गुस्सा संभाले नहीं संभल पा रहा है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जमाने से शुरू हुआ भ्रष्टाचार सारी हदें पार कर चुका है। दिनों-दिन लूट खसोट के आंकडे बढते ही चले जा रहे हैं। किसी भी माई के लाल में दम नहीं दिखता जो भ्रष्टाचारियों और अनाचारियों का गला दबोच सके। कहीं कोई राजनीति का सपेरा कॉमनवेल्थ की आड में अरबों की डकैती करता है तो कोई टू जी स्पेक्ट्रम में अपने हाथ काले कर देश के माथे पर कलंक लगाता है। देश की राजनीति इतनी ओछी और गंदी हो गयी है कि सच्चे और अच्छे लोग राजनीति में आने से डरते हैं। इस घोर अविश्वास के दौर में अब तो और भी बहुतेरे उत्सवों के सडक पर उतरने के संकेत दिखायी देने लगे हैं...।
Thursday, February 3, 2011
बौद्ध धर्मगुरु करमापा का मायाजाल
इस भारतवर्ष में साधु-संन्यासी का चोला धारण कर छलने वालों के मायावी संसार का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने में यह कलम खुद को असहाय पा रही है। लोगों की आस्था के साथ खिलवाड करने का यह खेल पता नहीं कब और कहां जाकर थमेगा! अभी तक तो यह देश अपनी ही धरती के ढोंगियों के दंश झेलता आ रहा था पर अब करमापा की करतूत ने देशवासियों की आंखें खोल कर रख दी हैं। हमें हर किसी पर विश्वास कर लेने की घातक प्रवृत्ति से मुक्ति पानी होगी। अन्यथा बहुत बडा अनर्थ हो सकता है। हम बाहरी मुखौटे धारियों के हाथों बुरी तरह से छले जा सकते हैं।बौद्ध धर्मगुरु करमापा के मठ और कार्यालय से करोडों रुपये की बरामदगी हुई। इस अपार दौलत का उनके पास कोई हिसाब-किताब नहीं मिला। जिस तरह से देशी साधु-संत धर्म के प्रचार का दावा करते हैं वैसे ही करमापा का दायित्व होता है भगवान बुद्ध के आदर्शों का अनुसरण कर उनके विचारों को फैलाना। भगवान बुद्ध मानवता के पुजारी थे। करमापा माया के पुजारी निकले। उनके मठ में मिली छह करोड की विदेशी मुद्रा ने और भी कई सवाल खडे कर दिये। चेहरे पर नकाब ओढकर आनेवाले शरणार्थियों से देश ने अनेकों बार धोखा खाया है। अपनी शरण में आने वालों के प्रति सहानुभूति दर्शाना और उनकी सहायता करना भारतीयों की परंपरा और आदत में शुमार रहा है। देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के जमाने में तिब्बतियों को धर्मशाला शहर में बसाया गया था। वर्षों से शरणार्थी के रूप में रह रहे इन तिब्बतियों के मन में आज भी तिब्बत बसा है और हिंदुस्तान का दाना-पानी खाने-पचाने के बाद भी अपने तिब्बत प्रेम की अलख जगाते रहते हैं। शायद ही ऐसा कोई तिब्बती होगा जिसके मन में भारत के प्रति अटूट लगाव की भावना होगी। कांगडा और धर्मशाला जहां तिब्बती वर्षों से डेरा जमाये हैं वहां के मूल निवासियों को इनका व्यवहार कभी रास नहीं आया। अनेकों सजग हिमाचलियों का कहना है कि तिब्बती हर दर्जे के अहसान फरामोश हैं। दलाईलामा के ये चेले जिस तरह से भारत में ऐश-ओ-आराम भरी जिंदगी जी रहे हैं उससे तो इन्हें भारतवर्ष और यहां के निवासियों का शुक्रगुजार होना चाहिए था पर सच्चाई इससे एकदम उलट है। न जाने कितने तिब्बती ऐसे हैं जिनके क्रियाकलाप बेहद संदिग्ध हैं। यही वजह है कि यह लोग स्थानीय लोगों से दूरी बनाये रखते हैं। नजदीकी बनायेंगे तो पकड में आ जाएंगे। पर इनके धर्मगुरु तो पकड में आ गये हैं। शाही जिंदगी जीने वाले करमापा भगवान बुद्ध के आदर्शों का किस तरह पालन करते हैं उसका खुलासा भी उनके धन प्रेम ने कर दिया है।करमापा का अतीत विवादों भरा रहा है। वे २००५ में चीन से भागकर भारत आये थे। तब इन पर चीन का एजेंट होने की सुगबुगहाटें भी उभरी थीं, जिन्हें तथाकथित शांतिदूतों ने अनसुना कर दिया गया था। दुनिया जानती है कि भारत के हुक्मरान शुरू से ही बडे उदारवादी रहे हैं। देशवासी भले ही भूखे मर रहे हों पर मेहमाननवाजी का दस्तूर हर हाल में निभाया जाता है। वर्षों पूर्व आये तिब्बती शरणार्थियों की तरह करमापा को भी सिर आंखों पर बैठाया गया। करमापा तब किशोर उम्र के थे। उनको भारत की जमीन पर अठखेलियां करते हुए छह साल हो चुके हैं। इस दौरान उन्होंने करोडों का साम्राज्य भी खडा कर लिया। है न हैरानी की बात...। जब करमापा ने भारत की धरती पर कदम रखा था तभी सरकार को सतर्क हो जाना चाहिए था। गुप्तचर एजेंसियों को काम पर लगा दिया जाना चाहिए था। पर करमापा तो मेहमान थे। मेहमान को कुछ भी कर गुजरने और किसी से भी मिलने-मिलाने की छूट दे दी गयी और उसी का नतीजा आज हमारे सामने है। खाली हाथ आया धर्मगुरु आज अरबों-खरबों में खेल रहा है और अतिथि शिष्टाचार की जंजीर से बंधे सरकारी हाथ दिखाने के तौर पर जिस तरह से धीरे-धीरे खुल रहे हैं उससे यह उम्मीद तो नहीं बंधती कि करमापा के मायाजाल का पूरी तरह से खुलासा हो पायेगा। करमापा के संदिग्ध मायाजाल ने यह संदेश तो दे ही दिया है कि अतिथि को देवता मानने का जमाना लद चुका है। वैसे यह भी हकीकत है कि अब तो साधु-संतों और भगवाधारियों को ईश्वर का दूत मानने में भी संकोच होने लगा है। पिछले कुछ वर्षों से जिस तरह से कुछ धर्मगुरुओं का शैतानी चेहरा सामने आया है उससे जन आस्था भी बुरी तरह से आहत हुई है। साधु और शैतान में फर्क तलाश कर पाना टेढी खीर हो गया है। अपने ही देश की माटी के कई तथाकथित संन्यासियों से धोखा खाने और उनसे मोहभंग हो जाने के बाद देशवासी तो काफी हद तक सतर्क हो चुके हैं, पर इस देश को चलाने वालों के जागने का इंतजार है। चीन हिंदुस्तान का कैसा पडौसी है यह लिखने और बताने की जरूरत नहीं है। अगर करमापा चीन का भेजा हुआ कोई गुप्तचर है तो उससे भारत माता के प्रति वफादारी की उम्मीद करना बेवकूफी ही होगी। तो फिर ऐसों को देश में शरण देने और उनकी मेहमाननवाजी का एक ही मतलब है... देश के साथ धोखाधडी।
Thursday, January 27, 2011
हत्यारा मनोरंजन
देश के हर सजग नागरिक को पता है कि चीन भारतवर्ष के प्रति कटुता और शत्रुता की भावना रखता है। पर हमारे देश के उदारवादी हुक्मरान इस जगजाहिर हकीकत को भुला चुके हैं। दुश्मन देश की तिजोरियों को भरने के लिए हिंदुस्तान के दरवाजे पूरी तरह से खोल दिये गये हैं। चीन यहां पर हुछ भी बेचने और खपाने के लिए आज़ाद है। कानून भी उसका कुछ नहीं बिगाड सकता। यह चीन ही है जिसने भारत के घरेलू उद्योग में ऐसी जबरदस्त सेंध लगायी है कि यहां के छोटे उद्योगपतियों का तो जीना ही हराम हो गया है। जहां देखो वहां चीन का सामान बिक रहा है और सस्ता होने के कारण लोग भी बडे फख्र के साथ बेच और खरीद रहे हैं। विदेशी खिलौने बच्चों को इतने सुहाते हैं कि वे देशी खिलौने को हाथ भी नहीं लगाते। जब से अपने देश में चीनी खिलौने बिकने शुरू हुए हैं तब से लेकर आज तक कई बच्चों को अपने प्राण गंवाने पडे हैं। ग्रामीण इलाकों में तो इन खिलौनों ने अनेकों बार कहर ढाया है। फिर भी लोग हैं कि इनमें बच्चों का मनोरंजन ढूढते हैं।खिलौनों की बिक्री और खरीदी का रोग तो पुराना पड चुका है। अब तो पतंग उडाने के लिए भी चीन की डोर यानी धागा आने लगा है। इस बार की मकर संक्रांति के मौके पर इस डोर ने कइयों की जीवन लीला ही समाप्त कर डाली। अकेले नागपुर जिले में ही चीनी मंजे ने सात-आठ प्राणियों के प्राण हर लिये और घायल होने वालों का आंकडा तीस के पार जा पहुंचा। पुणे की कंपनी में काम करने वाला एक सॉफ्टवेयर इंजिनियर खरीददारी के लिए मोटर साइकिल से बाजार जा रहा था। उसकी शीघ्र ही शादी होने वाली थी। हर तरफ पतंगबाजी का उत्सव था। पतंगबाज घरों की छतों और मैदानों में चीनी डोर से पतंग उडा रहे थे। एक पतंग की डोर अचानक युवक के गले तक पहुंची और फिर उसकी तेज धार ने उसका गला ही काट डाला। युवक कुछ भी समझ नहीं पाया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गयी। किसी के मनोरंजन ने किसी की जान ले ली और एक हंसता-खेलता परिवार मातम के आगोश में सिमट कर रह गया। उस इंजिनियर की तरह और भी जो लोग चीनी मंजे की बलि च‹ढे उनका आखिर क्या कसूर था? पंजाब के शहर अमृतसर में भी चीनी मंजे ने कइयों को घायल किया। एक राह चलते व्यक्ति की गला कट जाने के कारण मौत हो गयी। चीनी मंजे ने पतंगबाजों का भले ही भरपूर मनोरंजन किया हो पर बेकसूरों की जिस तरह से जानें गयीं उसकी चिंता किसी ने भी नहीं जतायी। बता दें कि चीनी मंजे में लोहे के चूर्ण का इस्तेमाल होता है और यह इतना धारदार होता है कि जिस भी गले को छूता है वह लहूलुहान हुए बिना नहीं रहता। गले की नसें भी कट-फट जाती हैं। जब खून बहना शुरू होता है तो रुकने का नाम ही नहीं लेता। घायल व्यक्ति को यदि फौरन अस्पताल नहीं पहुंचाया गया तो मौके पर ही उसकी जान चली जाती है। इसके शिकार हुए व्यक्ति को सोचने समझने का मौका भी नहीं मिल पाता। अमृतसर में तो चीनी डोर को बेचने के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। पर नागपुर में बेचने और उडाने वालों को पूरी आजादी थी। इस मामले में गुजरात सरकार की तारीफ करनी पडेगी। वहां पर चीनी धागे को बेचने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया। अमृतसर में जो गिरफ्तारियां हुई वे भी खानापूर्ति जैसी थीं। यह गिरफ्तारियां धारा १८८ के तहत हुई। जिसके यकीनन कोई मायने नहीं होते क्योंकि इसमें फौरन जमानत मिल जाती है। नागपुर, अमृतसर, दिल्ली, पानीपत, करनाल, सोनीपत आदि में जिन पतंगबाजों के हाथों की खूनी डोर की वजह से राह चलते लोग घायल हुए और मारे गये उनका बाल भी बांका नहीं हुआ। ऐसा भी नहीं है कि चीनी डोर की जानलेवा धार की खबर प्रशासन को नहीं थी। पर अपने यहां का प्रशासन तो अधिकतर वो लोग चलाते हैं जिन्हें तब दर्द होता है जब उनके अपनों की जान जाती है। नागरिकों की सुरक्षा की चिंता न तो शासकों को रहती है और न ही सरकारी नुमाइंदों को। यह सच्चाई भी बेहद चौंकाने वाली है कि चीन में इस हत्यारी डोर पर प्रतिबंध लगा हुआ है। हिंदुस्तान में प्रतिबंध होने के बाद भी कितनी आजादी के साथ तरह-तरह के सामान बिकते हैं इसकी तो हर किसी को खबर है। ऐसे में चीन को दोष देना बेमानी है अभी तो चीन ने पतंग की डोर भेजी है। थोडा और सब्र कीजिए वहां से पिस्टलें, बंदूकें और बम-बारूद के जखीरे भी आने लगेंगे और बाजार में बिकते नजर आयेंगे। अंधे-बहरों के देश में यह तमाशा पता नहीं कैसे-कैसे रंग लायेगा।
Thursday, January 20, 2011
बापू के सपनों को साकार करने वाला गांव
क्या आप भारतवर्ष में किसी ऐसे गांव की कल्पना कर सकते हैं जहां के लोगों का गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध और अपराधियों से दूर-दूर तक नाता न हो? आपको इस सवाल के जवाब के लिए काफी देर तक माथा-पच्ची करनी पड सकती है तब भी जरूरी नहीं कि आप किसी ऐसे गांव का नाम बता सकें। भारत देश के प्रदेश महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में एक गांव है जिसका नाम है हिवरे बाजार। यह गांव वाकई देश की शान है जिसने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वराज, अपना राज के सपने को साकार किया है। महात्मा गांधी कहा करते थे कि असली भारतवर्ष गांवों में बसता है पर आज देश के अधिकांश ग्रामों की बदहाली किसी से छिपी नहीं है। देश के अन्नदाता को बंधुआ मजदूर की जिंदगी जीनी पड रही है। रोजी-रोटी के लिए शहरों की तरफ पलायन करना पडता है। सूदखोरों और शोषकों ने गांव के गांव हथिया लिये हैं। हिवरे बाजार का चेहरा भी कभी बेहद बदरंग था। इस गांव की शक्ल पिछले बारह साल के अंदर ऐसी बदली है कि गांववासी हिवरे बाजार को मंदिर मानते हैं। साफ सुथरे पेय जल और सिंचाई साधनों से भरपूर इस गांव की सडकों पर गंदगी का नामोनिशान नहीं है। आपसी सद्भाव और एकता के तो कहने ही क्या...। यहां एक मात्र मुस्लिम परिवार रहता है उसके लिए भी गांव वालों ने मस्जिद बनवायी है। गरीबी, कुपोषण, बेरोजगारी और अशिक्षा ने यहां से कब का पलायन कर लिया है। हिवरे बाजार का चेहरा-मोहरा बदलने में जिस महापुरुष की प्रेरणा का ही एक मात्र योगदान है, वे हैं समाज सुधारक अन्ना हजारे। भ्रष्टाचार के खिलाफ खुली जंग लडने वाले अन्ना हजारे अपने मूल गांव रालेगन सिद्धी का अभूतपूर्व कायाकल्प कर देश और दुनिया को दिखा चुके हैं कि महात्मा गांधी के असली अनुयायी होने के क्या मायने हैं। एक निच्छल और ईमानदार व्यक्ति की पहल ही ऐसा परिवर्तन ला सकती है जिससे सोये हुए लोग जाग सकते हैं और कुछ नया कर सकते हैं। अपने देश में ऐसी आदर्श शख्सियतों का नितांत अभाव है जिनसे युवा प्रेरणा ले सकें। अन्ना हजारे हिवरे बाजार के युवकों के प्रेरणा स्त्रोत बने और युवकों ने अपने गांव की तकदीर बदलने का फैसला कर लिया। कुछ जागरूक युवकों की निगाह से यह सच्चाई छिपी नहीं थी कि उनका गांव अनेकानेक समस्याओं से जूझ रहा है। नेताओं ने पूरी तरह से आंखें मूंद ली थीं। हर कोई अपना घर भरने में लगा था। शिक्षक स्कूल से गायब रहते थे। बच्चों को पढाने-लिखाने की बजाय शराब के नशे में डूबे रहना उनकी आदत बन चुका था। हालात इतने बदतर हो गये थे कि नशेडी स्कूल मास्टर बच्चों से ही शराब बुलाकर पीते और स्कूल में ढेर हो जाते। युवकों ने अपने दिल की बात बुजुर्गों को बतायी। पहले तो वे तैयार नहीं हुए। बहुत समझाने पर हिवरे बाजार की ग्राम पंचायत की सत्ता एक वर्ष के लिए उन्हें सौंपी गयी। युवकों ने एक ही वर्ष में बुजुर्गों के साथ-साथ तमाम गांववासियों का दिल भी जीत लिया। पिछले बारह वर्षों से हिवरे बाजार की सत्ता युवकों के हाथ में है।आज की तारीख में हिवरे बाजार एक ऐसा आदर्श गांव बन चुका है जिससे दूसरे गांव वाले भी सीख लेते हैं। शिक्षकों ने नशे से तौबा कर ली है और वे बच्चों को दिल लगाकर पढाते हैं। हिवरे बाजार में सभी महत्वपूर्ण निर्णय मिल-बैठकर लिये जाते हैं। ग्राम सभा में हर व्यक्ति की बात सुनी जाती है। महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाती है। ग्रामवासियों को पूरी ईमानदारी के साथ राशन उपलब्ध करवाया जाता है और अफसर रिश्वत मांगने की जुर्रत नहीं करते। गांव के हर आदमी को अपने गांव में ही काम मिलने लगा है और पलायन की बीमारी का नामोनिशान मिट चुका है। पहले जहां प्रति व्यक्ति सालाना आय मात्र आठ सौ रुपये थी आज वह ब‹ढकर अट्टाईस हजार रुपये तक पहुंच गयी है। यानी चार व्यक्तियों का परिवार साल भर में बडे आराम से एक लाख से ऊपर कमा लेता है। इस गांव में लाखों हरे-भरे पेडों की कतारें देखकर बाहर से आने वाला कोई भी शख्स आश्चर्य चकित हुए बिना नहीं रहता। गांव के इस खुशहाल और आदर्श रूप ने बाहरी लोगों को भी आकर्षित करना शुरू कर दिया है। लोग यहां आकर बसना चाहते हैं। पर गांव वालों का फैसला है कि बाहरी लोगों को जमीन नहीं बेची जाएगी। हिवरे बाजार में विकास की गंगा बहाने वाले युवकों के पारदर्शी कामकाज का ही परिणाम है कि यहां की ग्राम पंचायत के लिए चुनाव कराने की नौबत ही नहीं आती। जब चुनाव का समय आता है युवकों को निर्विरोध सत्ता सौंप दी जाती है। मैग्सेसे पुरस्कार विजेता अरविंद केसरी इस गांव की पंचायत की सर्वजन हितकारी कार्य प्रणाली को सराहते हुए कहते हैं कि दिल्ली में बैठे सत्ताधीशों को हिवरे बाजार से सीख लेनी चाहिए। वे तो यहां तक कहते हैं कि इस गांव में पैर रखते ही मुझे ऐसा लगता है जैसे मैं किसी और देश में पहुंच गया हूं। पाठकों को यह पढ-सुनकर हैरानी भी हो सकती है कि एक समय ऐसा भी था जब यहां के पढे-लिखे युवक हिवरे बाजार का नाम लेने में भी शर्मिंदगी महसूस करते थे। जब देखो तब पुलिस वाले अपराधियों को दबोचने के लिए आ धमकते थे। पर आज न तो अपराध हैं और न ही अपराधी। इस गांव के हर बाशिंदे को अपने गांव पर इस कदर नाज़ है कि वह अपने नाम के साथ अपने गांव का नाम उपनाम के रूप में जोडकर गौरवान्वित होता है। भारतवर्ष की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील के हाथों हिवरे बाजार को देश की सर्वश्रेष्ठ पंचायत का पुरस्कार भी हासिल हो चुका है।
Subscribe to:
Posts (Atom)
