Thursday, May 15, 2014

असली विकास तभी होगा...

इस बार का जनादेश पहले के जनादेशों से बहुत खास और अलग है। जनता ने तो अपना काम कर दिया। अब बारी उन नेताओं की है जो केंद्र की सत्ता पर काबिज होने जा रहे हैं। उन्हें किसी भी हालत में लोगों की उम्मीदों पर खरा उतर कर दिखाना है। इस बार लेटलतीफी और बहानेबाजी नहीं चलने वाली। वादाखिलाफी को बर्दाश्त करने की तो ताकत ही नहीं बची है देशवासियों में। देशवासी वाकई अच्छे दिन देखने को आतुर हैं। इन चुनावों में जमकर धन बरसा है। कार्पोरेट घरानों ने भाजपा के लिए कहीं कोई कंजूसी नहीं दिखायी। लोगों को डर है कि नयी सरकार कहीं इनकी ही न होकर रह जाए। लोग भ्रष्टाचार और घूसखोरी से निजात चाहते हैं। लोगों को हर हालत में महंगाई और अराजकता से मुक्ति चाहिए। इस देश की आबादी १२० करोड के आसपास है। इसमें २५ से तीस करोड लोग ऐसे हैं जिनका उच्च और मध्यम वर्ग से अटूट नाता है। अपने में मस्त रहने वाली यह आबादी हद दर्जे की सुविधा भोगी है। अभी तक की सरकारें इन्ही पर मेहरबान रही हैं। बडे ही योजनाबद्ध तरीके से अधिकांश सरकारी योजनाओं का फायदा इन्हीं की झोली में जाता रहा है। मुल्क में १०० करोड से ज्यादा लोग गरीब हैं, जिनकी असली हालत के बारे में हुक्मरानों को पता होने के बावजूद भी उन्हें अनदेखा करने की परिपाटी रही है। जबकि सच्चाई यह भी है कि सरकारें इन्हीं के वोटों की बदौलत ही बनती हैं। इस देश का उच्च और मध्यम वर्ग तो मतदान के प्रति कभी भी ज्यादा गंभीर नहीं रहा। उसमें वो उत्सुकता ही नहीं दिखती जो दुनिया के सबसे बडे लोकतांत्रिक देश के जागृत लोगों में दिखनी चाहिए। यह भी काबिलेगौर है कि भारतीय राजनीति, सत्ता और व्यवस्था में इन्हीं का ही वर्चस्व रहा है। जिसकी वजह से गरीब और गरीब होते चले गये और धनवानों की जमीन जायदादों, उद्योगधंधों और तिजोरियों की संख्या में अभूतपूर्व इजाफा होता चला गया। मुल्क के गरीब आदमी के पास इतने पैसे ही नहीं होते कि जिनसे वह दैनिक जरूरतों की चीज़े खरीद सके। उसे मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के बजाय बार-बार यह बताया जाता है कि दिल्ली जैसे विराट महानगर में पांच-सात रुपये में भरपेट खाना मिल जाता है। मुंबई में भी बारह रुपये में भोजन की आलीशान थाली उपलब्ध हो जाती है। दरअसल, गरीबों का मजाक उडाने में नेताओं को बडा मज़ा आता है। इस सच से हर कोई वाकिफ है। देश की दबी-कुचली जनता चाहती है कि इतिहास को फिर से न दोहराया जाए। अच्छे दिन लाने के नारे उछालने वाले अब सबसे पहले उनके हित की सोचें। क्या नये नायक हालात बदल पायेंगे? यकीनन बडे ही चिं‍ताजनक हालात हैं। यहां यह भी बताना जरूरी है कि इस बार की संसद में भी उन सांसदों की संख्या ज्यादा है जिन्होंने लोकसभा चुनाव में पानी की तरह पैसा बहाया है। किसी ने पच्चीस करोड तो किसी ने ५० से १०० करोड तक लुटाकर येन-केन-प्रकारेण चुनावी जीत हासिल की है। अब यह लोग किस तरह से देश का कल्याण करेंगे यह देखना 'नायक' की जिम्मेदारी है। वैसे अपने तो कुछ भी समझ में नहीं आता। फिर भी करोडो लोगों के सपनों और उनकी अथाह उम्मीदों को कत्ल होते अब तो कोई भी सजग इंसान देखना नहीं चाहता। हर किसी की एक ही तमन्ना है। इस देश की तस्वीर किसी भी हालत में बदलनी चाहिए। गरीबी, भूखमरी, बदहाली, अशिक्षा, बेरोजगारी ने लोगों की नाक में दम करके रख दिया है। अराजक तत्व बेलगाम हो गये हैं। अब तो अपराधियों पर कानून का ऐसा डंडा चले कि कोई भी अपराधी अपराध करने से पहले हजार बार सोचे और आखिरकार कानून का खौफ उसके हौसले पस्त कर दे। विदेशी बैंकों में जमा भारतीयों का काला धन तो जब आयेगा तब आयेगा, लेकिन नयी सरकार को देश में भ्रष्टों के भंडारों में दबे-छिपे काले धन को बाहर लाने की पहल करके देश को आश्वस्त करना होगा। इसी धन से देश की तस्वीर और तकदीर बदल सकती है। इस काम को करने के लिए बहुत बडे हौसले की जरूरत है, क्योंकि अधिकांश काली दौलत राजनेताओं, सत्ता के दलालों और काले धंधे के महारथियों के तहखानों में भरी पडी है।
भ्रष्टाचार, काला धन, घूसखोरी और भाई-भतीजावाद देश की सबसे बडी समस्याएं हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद देश के चेहरे के वो जख्म हैं जो हमेशा डराते रहते हैं। बाहर के आतंकवादियों से ज्यादा देश में छुपे नकाबपोशों से ज्यादा खतरा है। इनकी पहचान होनी ही चाहिए। नक्सली तो देश के माथे का ऐसा कलंक हैं जिन्हें यकीनन हमारी व्यवस्था ने ही जन्म दिया है। आजादी के इतने वर्षों के गुजर जाने के बाद भी आदिवासी बदहाली के शिकार हैं। जब सरकारें उनके लिए कुछ नहीं करतीं तो वे नक्सलियों के बहकावे में आ जाते हैं। किसी भी देश का इससे बडा दुर्भाग्य और क्या हो सकता है कि देश के भटके हुए लोगों के हाथों सुरक्षा जवानों को शहीद होना पडे। यह तो अपनों के ही हाथों से अपनों की हत्या है। छत्तीसगढ और महाराष्ट्र में नक्सलियों के हाथों मारे जाने वाले पुलिस जवानों का आंकडा दिल को दहला कर रख देता है। व्यवस्था से नाखुश होकर आतंक की राह अपनाने वाले नक्सलियों को समझाना-बुझाना और पटरी पर लाना नयी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। आखिर वे इसी धरती पर जन्मे हैं। यहीं के वासी हैं। उन्हें अभी तक ठीक से समझाने और आश्वस्त करने की कोई ठोस पहल नहीं की गयी। सरकार चाहे तो क्या नहीं कर सकती। नयी सरकार इस हकीकत से मुंह नहीं मोड सकती कि देश का लगभग एक तिहाई हिस्सा नक्सवाद की चपेट में आ चुका है। नक्सलियों को यदि मुख्य धारा में नहीं लाया गया तो देश के विकास के कोई मायने ही नहीं होंगे।

Thursday, May 8, 2014

राजनीति का असली चेहरा

दूरदर्शन को सरकारी भोंपू भी कहा जाता है। इस भोंपू ने बीते सप्ताह खूब सुर्खियां बटोरीं। तमाम न्यूज चैनलों को नरेंद्र मोदी के साक्षात्कार प्रसारित करते देख उसकी भी मोदी को दिखाने की इच्छा जागी। मोदी को किसी तरह से पटाया गया। मीडिया से जुडे लोगों को पता है कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के यह प्रत्याशी आसानी से पकड में नहीं आते। जब कभी पकड में आ भी जाते हैं... तो ऐसे नचाते हैं कि इंटरव्यू लेने वाले को नानी याद आ जाती है। इस मामले में राज ठाकरे और नरेंद्र मोदी में ज्यादा फर्क नहीं है। देशभर के लगभग सभी न्यूज चैनलों को साक्षात्कार दे चुके मोदी ने दूरदर्शन को भी खुश कर दिया। काफी चिन्तन-मनन करने के बाद दूरदर्शन पर उनका साक्षात्कार दिखाया तो गया, लेकिन बहुत कुछ छिपाया गया। इसी बात को लेकर हंगामा मच गया। अगर दूरदर्शन को कांट-छांट करनी थी तो उनका इंटरव्यू लिया ही क्यों गया? सवाल का जवाब जानने के लिए सबसे पहले आते हैं साक्षात्कार के उन अंशो पर जिन्हें जानबूझकर दिखाया ही नहीं गया। यह तो जगजाहिर सच है कि चुनावों के मौसम में नेता कुछ ज्यादा ही चालाकी दिखाते हैं। फिर नरेंद्र मोदी की चतुराई का तो कोई सानी नहीं है। कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी मोदी को कोसने का कोई मौका नहीं छोडतीं। उन्हीं प्रियंका को लेकर मोदी ने कहा था कि, 'प्रियंका तो बेटी है। बेटी होने के नाते उन्हें अपनी मां और भाई के लिए काम करने का हक है। इतना तो हमें उन्हें देना ही होगा... वह बेटी हैं, दस गाली और देंगी तो भी मैं नाराज नहीं होऊंगा।' प्रियंका के प्रति उदार भावना व्यक्त करने के क्रम में ही नरेंद्र मोदी ने यह कह कर खलबली मचाने की कोशिश की, कि कांग्रेस में उनके कई चाहने वाले हैं। सोनिया गांधी के एकदम करीबी अहमद पटेल के प्रति अपनी निकटता उन्होंने इन शब्दों में व्यक्त की :
अहमद पटेल मेरे खास मित्रों में शामिल हैं। हम उन्हें बाबू भाई कहते थे। आजकल वे हमारा फोन नहीं उठाते। लेकिन हमारी पुरानी दोस्ती है। कई बार आपस में मिलना-जुलना और बतियाना होता रहा है। नरेंद्र मोदी ने दूरदर्शन को दिये गये इंटरव्यू में देशभक्ति और मांस व्यापार पर भी अपने विचार व्यक्त किये थे। लेकिन हंगामा मचा प्रियंका और अहमद पटेल के बारे में कहे गये शब्दों को गायब करने के लिए की गयी चालाकी को लेकर। साक्षात्कार में मोदी की जिन बातों को काट दिया गया था उन्हें सोशल मीडिया ने उजागर कर दिया। आखिर दूरदर्शन की मनमानी की असली वजह क्या है? नरेंद्र मोदी तो जीते जागते राजनेता हैं। जिन्होंने सरकार की नींद हराम कर रखी है। सरकारें तो काल्पनिक पात्रों को भी बर्दाश्त नहीं कर पातीं। १९८९ में दूरदर्शन ने 'बूंद' नामक सीरियल का प्रसारण महज इसलिए रोक दिया था, क्योंकि उसका नायक तबके विपक्ष के लोकप्रिय नेता वी.पी.सिं‍ह की तरह उठता-बैठता और बोलता था। सरकार को लगा कि यदि यह सीरियल दिखाया गया तो वी.पी.सिं‍ह की लोकप्रियता में इजाफा होगा। ऐसे बहुतेरे मामले हैं जो दूरदर्शन की गुलामी की हकीकत बयां करते हैं। यह बताने की जरूरत नहीं है कि दूरदर्शन पर सतत सरकारी अंकुश बना रहता है। सरकारी भोंपू से वही प्रसारित होता हैं जो सरकार चाहती है। ऐसे में वह अपने घोर शत्रु नरेंद्र मोदी की छवि को चमकाने वाला पूरा का पूरा साक्षात्कार कैसे प्रसारित होने देती? अगर यह साक्षात्कार जस का तस चल जाता तो मोदी नायक बन जाते। राजनीति में ऐसी खुली छूट मिलती कभी देखी भी नहीं गयी। सरकार चाहे कोई भी हो, उसकी इमारत तो राजनीति की नींव पर ही टिकी रहती है। उसे तो उन फिल्मों से भी डर लगता है जिनमें उनके मुखियाओं के मिलते-जुलते चरित्रों को पेश किया गया हो। गुलजार की आंधी पर इसलिए प्रतिबंध लगा दिया गया था, क्योंकि उसकी नायिका इंदिरा गांधी जैसी नजर आती थीं। आपातकाल और उस दौर की तिकडी संजय गांधी, विद्याचरण शुक्ल और चौधरी बंसीलाल का जुल्मी चेहरा दिखाने वाली फिल्म 'किस्सा कुर्सी का' को तो आग के हवाले ही कर दिया गया था। ताकि लोग आपातकाल के काले चेहरों के चरित्र से वाकिफ ही न होने पाएं।
दूरदर्शन पर सरकारी अंकुश की इतनी अधिक दास्ताने हैं जिनका यहां पर उल्लेख करना संभव नहीं। जब देश में अन्ना आंदोलन चला था तो सभी न्यूज चैनलवालो में अन्ना को अधिकतम कवरेज देने की प्रतिस्पर्धा चल पडी थी। लेकिन अन्ना दूरदर्शन पर नहीं के बराबर थे। मोदी का प्रियंका को बेटी समान कहना खुद प्रियंका को ही रास नहीं आया। उन्होंने बिफरते हुए कहा कि वे तो उस राजीव गांधी की बेटी हैं जिन्होंने देश के लिए शहादत दी है। प्रियंका भले ही खुले तौर पर राजनीति में न आईं हो पर राजनीति करनी तो उन्हें भी खूब आती है। यदि उन्हीं की पार्टी के किसी बुजुर्ग नेता ने उन्हें 'बेटी' कहा होता तो शायद ही वे ऐसी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करतीं जैसी कि मोदी को लेकर की है। अहमद पटेल ने भी मोदी से दोस्ती होने की बात को पूरी तरह से नकार दिया। नरेंद्र मोदी इतने झूठे तो नहीं हो सकते कि बेवजह किसी को अपना मित्र बताएं। अहमद को मैडम सोनिया की निगाहों में बने रहना है इसलिए वे कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। वैसे भी राजनेताओं में दोस्ती का होना कोई गुनाह नहीं है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी तो डंके की चोट पर कहते हैं कि एक दूसरे से काम निकलवाने के लिए दोस्ती तो करनी ही पडती है। इस हाथ ले और उस हाथ दे का नाम ही भारतीय राजनीति है। अगर इसे राजनीतिक नौटंकी और जनता की आंख में धूल झोंकना भी कहा जाए तो गलत नहीं होगा। इस नौटंकी के खेल में कोई भी योद्धा मात खाने को तैयार नहीं दिखता।

Thursday, May 1, 2014

ओछी सोच और गंदी जुबान!

कुछ नामधारी जानबूझकर अपनी साख पर बट्टा लगाने पर तुले हैं। उनकी बकवासबाजी का कोई अंत नहीं दिखायी दे रहा है। पता नहीं इस देश के राजनेताओं को हो क्या गया है? गाली-गलौच और बेमतलब की लफ्फाजी पर उतर आये हैं। भद्दे-भद्दे इशारों का सहारा ले रहे हैं। इनका बस चले तो सामने वाले के कपडे फाड दें और खुद भी भरे चौराहे पर निर्वस्त्र हो जाएं। राजनीति में इतना नंगापन पहले कभी नहीं देखा गया। सत्तालोलुप नेताओं का निर्लज्ज हो जाना तो समझ में आता है, लेकिन किसी योगी का भोगी वाली भाषा पर उतर आना बेहद चौंकाता है। हर कोई हैरान है। इस रामदेव बाबा को हो क्या गया है! इतनी गंदी... सडकछाप भाषा और दो टक्के के मवालियों की सोच से भी बदतर घटिया विचार : ‘राहुल को लुगाई नहीं मिल रही है। देशी लडकी से वह ब्याह नहीं करेंगे। मां विदेशी बहू लाने की मंजूरी नहीं दे रही हैं। इसलिए दलित बस्तियों में पिकनिक और हनीमून मनाने जाते हैं। दलित की बेटी से ब्याह कर लें तो पीएम बन जाएंगे!' लोग तो उन्हें त्यागी और मर्यादी समझते थे। उनसे व्यक्तिगत ईष्र्या की भी उम्मीद नहीं की जाती थी। पर यह बंदा तो एकदम जलनखोर और अक्ल का अंधा निकला। बदजुबानी ऐसी कि गली-मोहल्ले के लफंगे भी इसके सामने बौने नजर आएं।
ऐसा तो हो नहीं सकता कि हरियाणा के दबंग जाटों की तरह लट्ठमार भाषा बोलने वाले बाबा रामदेव को हनीमून के मायने ही पता न हों। हनीमून का सीधा अर्थ है नये शादीशुदा जोडे का मिलन काल। इसे सुहागरात भी कहा जाता है। आश्चर्य तो यह है कि रामदेव खुद को योगी और संन्यासी बताते हैं। ऐसे तथाकथित सात्विक व्यक्ति के मन में भोगविलास से ओतप्रोत विचार आते कैसे हैं? क्या योग की तरह सेक्स पर भी उनका सतत चिं‍तन-मनन चलता रहता है? अब इसके जवाब भी रामदेव को दे ही देने चाहिए। कहीं न कहीं कोई गडबड तो है। जो दिखता है, वो असली सच नहीं है। बाबा का खुद को योगी दर्शाना महज धोखा है, ढोंग है। यह मानने में भी कोई हर्ज नहीं कि एक नकाबपोश का तुक्का चल गया है। बाबा जब तक अपने योग शिविरों में लोगों को योग सिखा रहे थे तब तक तो ठीक था। उनका दूसरों के फटे में टांग डालना उनकी औकात दर्शा गया। जैसे-जैसे योग शिविरों में लोगों की भीड बढने लगी उनकी नीयत डोलने लगी। आम लोगों से तो फीस वसूल नहीं सकते थे। उन्होंने रईसों को फांसना शुरू कर दिया। इस चक्कर में उन्होंने यह भी नहीं देखा कि उन्हें चंदा देने वाले साधु हैं या शैतान हैं। वो कुख्यात चेहरे भी उनके मंचों की शोभा बढाने लगे और थैलियां भेंट चढाने लगे जिन्होंने काले धंधे कर धन बटोरा था। बाबा को धन से मतलब था, सफेद हो या काला। जहां जाते वहीं लाखों रुपये का चंदा वसूल लेते। देने वाले भी यह सोचकर दे देते की बाबा अच्छा काम कर रहा है। देशवासियों को स्वस्थ बनाने के एक सूत्रीय अभियान में लगा है। लेकिन असली सच तो था कुछ और। बाबा को उद्योग-व्यापार का साम्राज्य खडा करना था। जो रामदेव यह कहते नहीं थकता था कि दुनिया की हर बीमारी का इलाज योगासन हैं उसी ने धीरे-धीरे हर बीमारी की दवाइयां बनानी शुरू कर दीं। दवाओं के कारखानों के लिए किसानों की जमीनें दबानी और सरकारी जमीनें हथियाने का ऐसा कीर्तिमान रचा कि हर तरफ शोर मचने लगा कि यह योगी तो जमीनों का भूखा है। इसके लिए उसने नेताओं से करीबी रिश्ते बनाये। मंत्रियों-संत्रियों की चौखट पर नमनासन किया। हर किसी ने उस पर भरोसा किया और उसने इसी भरोसे की नींव पर अरबों-खरबों के धंधों के महल खडे कर लिए। जब धन आता है तो अहंकार भी साथ-साथ चला आता है। बाबा भी इससे अछूते नहीं रहे। वे तो जैसे अहंकार के गर्त में समा गये। शालीन भाषा से कन्नी काट ली। मन में सत्ता की चाहत जाग उठी। जानते थे कि सत्ता ही वो ताकत है जिससे अपना जबरदस्त रूतबा दिखाया जा सकता है। जब उसे लगा कि कांग्रेस उसकी मंशा जान चुकी है। अब वह उसके झांसे में नहीं आने वाली। उसे अब और अरबों-खरबों की जमीनें मुफ्त में नहीं मिलने वाली तो उसने अपना रंग बदल लिया। देशभर में जहां-तहां लगने वाले योग शिविरों में लोगों को राजनीति का पाठ पढाया जाने लगा। योग-भोग की राह पर चल पडा। ऐसे दुर्योग इस देश ने बहुत देखे हैं, लेकिन किसी बाबा का ऐसा बेहूदा तांडव नहीं देखा।
रामदेव के विवादास्पद घटिया बयान ने देश के करोडो लोगों को आहत किया है। दलितों के तन-बदन में आग लगा दी है। राजनीति के चक्कर में उलझकर कोई बाबा इतना भी गिर सकता है? देशवासियों के सवाल थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। भगवाधारी चले तो थे भाजपा के भावी पीएम के वोटों की तादाद बढाने को... लेकिन उनकी बेवकूफी ने पता नहीं कितने वोटरों को चौकन्ना कर दिया। लोग सोचने लगे कि ऐसा शख्स जिस पार्टी का साथी है उस पार्टी को यदि सत्ता मिल गयी तो पता नहीं वह क्या कर गुजरे। यकीनन रामदेव ने नरेंद्र मोदी को बहुत नुकसान पहुंचाया है। वे मोदी के हितैषी नहीं शत्रु साबित हुए हैं। रामदेव से अब यह सवाल करना तो एकदम बेमानी है कि आखिर वे दलितों की बहन-बेटियों के बारे में क्या राय रखते हैं? उनकी असली सोच सात पर्दे फाडकर बाहर आ चुकी है। वे अब लाख नाक रगड लें पर देश उन्हें माफ नहीं करने वाला। उनसे उम्मीद थी कि वे गरीबी, बेकारी, बेरोजगारी, महंगाई, अशिक्षा और कश्मीर समस्या जैसे गंभीर मुद्दे उठायेंगे। पर उन्होंने तो अपना कपटी चेहरा ही उजागर कर दिया। अपनी ही प्रतिमा के इतने टुकडे कर दिये जो लाख कोशिशों के बाद भी कभी जुड नहीं पायेंगे।

Thursday, April 24, 2014

भारत माता के शत्रुओं को पहचानो

कोई भी देश भक्त राष्ट्र को तोडने की नहीं सोच सकता। हर देशप्रेमी की यही सोच होती है कि देश पहले है... बाकी सब कुछ बाद में। पर कुछ नेता इस सच से सहमत नहीं दिखते। उनपर तो जैसे भाई-भाई को आपस में लडाने और देश को तोडने और छलनी करने का अंधा जुनून सवार है। उनके लिए सत्ता ही सर्वोपरि है। यही लोग शब्दों की तेजाबी बरसात कर रहे हैं जो सजग हिं‍दुओं और मुसलमानों को झुलसा रही है। यह भी सच है कि भाजपा के ही कुछ नेता नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के सपने को पलीता लगाने पर आमादा हैं। बिहार के एक भाजपाई नेता हैं गिरीराज सिं‍ह जो जहर उगलने के मामले में कुख्यात रहे हैं। वे नवादा संसदीय क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी हैं। उन्होंने एक चुनावी मंच से भीड को चेताया कि जो लोग नरेंद्र मोदी के समर्थक नहीं हैं वो सावधान हो जाएं। मोदी के पीएम बनने पर सिर्फ भाजपा समर्थक ही मजे में रहेंगे, बाकियों की तो खैर नहीं। उन्हें तो चुनावों के नतीजो के बाद पाकिस्तान ही जाना होगा। जिस मंच से मुसलमानों को यह चेतावनी दी जा रही थी उसी मंच पर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी भी विराजमान थे। यह महाशय भी कम नहीं हैं। उन्हें तो बिहार के खून में ही जातिवाद के रचे-बसे होने का महाज्ञान मिला है। भाजपा के घोर शुभचिं‍तक और साथी विश्व हिन्दु परिषद के नेता प्रवीण तोगडि‍या ने भी एक ही झटके में अपनी तालिबानी मंशा उजागर कर दी। मोदी के गुजरात के भावनगर में आयोजित एक सभा में उन्होंने हिन्दु बहुल इलाकों में बसे मुसलमानों को खदेडने की तरकीब सुझाते हुए कहा कि मुस्लिम परिवारों से ४८ घंटे में घर खाली करने को कहो। अगर वे इसके लिए तैयार न हों तो उनके घर पर कब्जा कर लो और बजरंग दल की तख्ती टांग दो।
बताते हैं कि तोगडि‍या जब सभा के लिए पहुंचे थे तभी कुछ महिलाएं उनसे मिलने के लिए आयीं। उन्होंने तोगडि‍या को शिकायती अंदाज में बताया कि उनके मोहल्ले में एक ऐसे मुस्लिम परिवार ने घर खरीदा है जो मांसाहारी है। इससे उन्हें बहुत तकलीफ होती है। तोगडि‍या वैसे भी मुसलमानों के खिलाफ बोलने के मामले में सुर्खियां पाते रहते हैं। यहां भी उन्होंने हाथ आये मौके को ऐसे लपका कि बवाल मचा कर रख दिया। देश में पहले भी लोकसभा के चुनाव हुए हैं, लेकिन इस तरह से संयम और मर्यादा की धज्जियां उडती नहीं देखी गयीं। शिवसेना के नेता रामदास कदम ने नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में जिस अंदाज में विष उगला उससे यही साबित होता है कि जाति और धर्म की राजनीति करने वालों ने देश के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को नेस्तनाबूत करने की कसम खायी है। रामदास देश को बेहाल कर चुकी सभी समस्याओं को भूल गये। उनके दिमाग में भी पाकिस्तान और मुसलमान छाये रहे। उन्होंने तो ऐलान तक कर डाला कि प्रधानमंत्री बनते ही मोदी बदला लेंगे...। यह तो सरासर गुंडागंर्दी है। ऐसी भाषा तो आतंकी बोला करते हैं। क्या यह मान लिया जाए कि मोदी को लेकर जो कई देशवासियों में भय है वह निराधार नहीं है? फिर भी ऐसे नेता इस सच को जान लें कि इस मुल्क के लोग अमन-चैन के साथ मिलजुलकर रहने के हिमायती हैं। उन्हें जहरीली भाषा बोलने वाले कतई रास नहीं आते। नेता इस हकीकत को कब समझेंगे? यह देश हिन्दु, मुस्लिम, सिख, ईसाई, पारसी, यहुदी आदि सभी का है। इसे आजाद करवाने में सभी का योगदान रहा है। किसी ने भी कुर्बानी देने में कोई कमी नहीं की। इस सच्चाई को जिन्होंने भूला दिया है या भुलवाने का षडयंत्र रचा है वे भारत माता के शत्रु हैं। यह लोग चुनाव भले जीत जाएं पर देशवासियों के दिलों पर कभी भी राज नहीं कर सकते। यह जिस गर्त में डूबे हैं वहां इन्हें थूक और दुत्कार के सिवाय और कुछ भी नहीं मिलने वाला। देश का युवा जाग चुका है। उसके लिए जाति और धर्म कोई मायने नहीं रखते। यह टुच्चे नेता ही हैं जो बार-बार हिन्दु-मुसलमान के बीच दूरियां बनाने के षडयंत्र रचते हैं। इन्हें शायद यह खबर नहीं है कि देश के असंख्य मुसलमान वक्त आने पर हिं‍दुओं के रक्षा कवच बन जाते हैं। ऐसे हिन्दु भी भरे पडे हैं जो अपने मुसलमान भाईयों के लिए बडी से बडी कुर्बानी देने को तत्पर रहते हैं। विषैले नेताओं से कोई भी खुश नहीं। उनके कारण देश का अमन-चैन खतरे में पडता लग रहा है। खुली हवा में सांस लेने वाले आम नागरिकों के साथ-साथ जेलों में सजा काट रहे कैदी तक नेताओं की भेदभाव की नीति और आतंकी चलन से खफा हैं। एशिया की सबसे बडी जेल तिहाड में बंद कैदी चाहते हैं कि यह टुच्चे नेता जाति और धर्म की राजनीति करने से बाज आएं। जेल में कैद रवि घई की कविता की पंक्तियां हैं :
'धर्म को बांटने वाले इंसान बता तेरी रज़ा क्या है?
तूने ईश्वर को भी ना छोडा, बता तेरी सजा क्या है?
जातिवाद के नाम पर क्यों फैलाते हो आग?
क्षेत्रियता का क्यों अलापते हो राग?
छोड दो इंसानियत का खून करना,
मानवता को तो रहने तो बेदाग।'
हो सकता है कि साहित्य के क्षेत्र के विद्वानों को यह कविता अनगढ लगे। लेकिन जरूरत तो इसके भावार्थ को समझने की है। कई और कैदियों ने भी अपनी चिन्ता और पीडा कविता के माध्यम से व्यक्त की है। उन्हें भी देश के टूटने और बिखरने का खतरा चैन से सोने नहीं देता। वजह हैं यही नेता जो सत्ता के लिए देश की एकता, अखंडता और भाईचारे की बलि चढाने के लिए कमर कस चुके हैं। ऐसे नेता किसी के भी वोट के हकदार नहीं हैं। हम सबको मिलकर इन्हें हराना और सबक सिखाना है। यह मिलजुलकर रहने वालों का देश है जिसका अनुसरण दुनिया के दूसरे देश करते हैं। हर धर्म में अच्छे लोग भी हैं और बुरे भी। धर्म विशेष को अपना निशाना बनाने वालों के मंसूबे कभी सपने में भी पूरे नहीं हो पाएंगे।

Thursday, April 17, 2014

देश से छल!

यह तो सीधी-सीधी चारसौबीसी दिखती है। घोर विश्वासघात भी। प्रधानमंत्री की कुर्सी को सुशोभित करे कोई और फैसले ले कोई ओर! प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिं‍ह के पूर्व मीडिया सलाहकार और पूर्व कोयला सचिव की अलग-अलग किताब में किये गये रहस्योद्घाटन लोकतंत्र को पंगु बनाने और उसके अधिकारों के लूट की शर्मनाक दास्तान हैं। विपक्षी तो पहले ही चिल्लाया करते थे कि डॉ. मनमोहन डमी प्रधानमंत्री हैं। देश की सत्ता तो सोनिया गांधी एंड कंपनी के हाथ में ही है। विपक्ष के इन आरोपों पर कुछ लोग यकीन करते थे। कुछ नहीं भी करते थे। अब सबको पता चल गया है कि डॉ. मनमोहन तो कठपुतली से भी बदतर थे। उनका दीन-हीन चेहरा सामने आने से सजग देशवासी स्तब्ध और आहट हैं। मनमोहन जहां प्रधानमंत्री पद की गरिमा को घटाने और गिराने के दोषी हैं वहीं परदे में सोनिया की मनमानी बेहद चौंकाने वाली है। क्या यह वही सोनिया हैं जिन्होंने अपनी 'त्यागमूर्ति' की चमकीली छवि बनायी थी। सत्ता का त्याग उनका मात्र राजनीतिक हथकंडा था? उनकी चाहत कुछ थी और दर्शाया कुछ और था? यह तो दूसरे के कंधे पर बंदूक चलाने वाली बात है। किताब ऐसे कई-कई सवाल खडे करती है। दस साल तक देश की जनता छल और फरेब का शिकार होती रही। उद्योगपतियों, मंत्रियों, सांसदों और सत्ता के दलालों के हाथों देश लुटता रहा। भ्रष्टाचार के रिकार्ड टूटते रहे। पच्चीस-पचास करोड के भ्रष्टाचार की कोई गिनती नहीं रही। इसका आंकडा हजारों और लाखों करोड को भी पार कर गया। सांसद और मंत्री दिखावटी प्रधानमंत्री को ब्लैकमेल करते रहे। अपने भाई-भतीजों, रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ मिलकर देश की मूल्यवान खनिज संपदा की लूटमारी चलती रही। खुद ईमानदार होने के बावजूद डॉ. मनमोहन मुंह पर ताला लगाये रहे। कभी कुछ नहीं बोला। उन्हें इतना कमजोर कर दिया गया कि वे अपनी पसंद के मंत्री बनाने में ही नाकामयाब रहे। मंत्रिमंडल में भ्रष्टाचारियों का वर्चस्व बढता गया। सभी महत्वपूर्ण फाइलें सीधे सोनिया गांधी के पास जाती रहीं। याद किजिए...सोनिया गांधी पर देशवासियों को कितना-कितना भरोसा था। गरीब उन्हें अपना मसीहा मानते थे। पर वे तो अमीरों और ताकतवरों की होकर रह गयीं! यकीनन उन्होंने इस भरोसे का बडी बेरहमी से कत्ल कर डाला। उनकी छत्रछाया में हुए भ्रष्टाचार ने देश को खोखला कर डाला। कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं बचा जहां रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार का बोलबाला न रहा हो। महंगाई ने गरीबों की कमर तोड दी। दाल, चावल, गेहूं, पेट्रोल, डीजल में आग लगती रही। मूलभूत सुविधाएं ही नदारद हो गयीं। जिसे देखो वही डॉ. मनमोहन को कोसते नजर आया। सवाल पर सवाल दागे जाने लगे। विद्वान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिं‍ह पर इतनी उंगलियां उठीं कि जितनी पहले शायद ही किसी प्रधानमंत्री पर उठी हों। उन्हें अब तक का सबसे नकारा पीएम बताया और प्रचारित किया गया। वे तब भी गजब की चुप्पी साधे रहे। कभी भी अपना दर्द बयां नहीं किया। एक बार तो बता देते कि मेरे हाथ बंधे हैं। मैं मजबूर हूं। उनकी खामोशी के पीछे पता नहीं कितनी विवशताएं थीं? क्या इसे महज स्वामी भक्ति मान लिया जाए? क्या अपने मालिक के समक्ष इस तरह से भी नतमस्तक हुआ जाता है? ऐसे में याद आ रहे हैं वे जैल सिं‍ह जिन्होंने कभी कहा था कि इंदिरा गांधी अगर आदेश दें तो वे झाडू भी लगाने से नहीं हिचकेंगे। यही जैल सिं‍ह बाद में भारत वर्ष के राष्ट्रपति भी बना दिये गये। लगता है कि डॉ. मनमोहन के मन में भी सरदार जैल सिं‍ह वाला विचार पलता रहा। उन्हें सोनिया मैडम ने देश का प्रधानमंत्री बनवाया और वे इसी अहसान की भरपायी करते रहे और देश के साथ छल-कपट और धोखा होता रहा।
यह तो देश की किस्मत अच्छी थी कि २जी स्पेक्ट्रम और कोयला घोटाले को अंजाम देकर देश को लाखों-लाखों करोड की चोट देने वाले बेनकाब हो गये और खेल घोटाले के नायकों का चेहरा भी सामने आ गया। कुछ जेल भी हो आये। यह खलनायक उन्हीं की सरकार के पुर्जे थे। कोई सांसद था। कोई मंत्री था। कांग्रेस के सांसद, उद्योगपति नवीन जिन्दल ने तो कोयले की कई खदाने हथियाकर बता दिया कि उनका राजनीति में आने का असली मकसद क्या है। नागपुर के लोकमत ग्रुप के सर्वेसर्वा विजय दर्डा जो कि कांग्रेस के राज्यसभा सांसद भी हैं उन्होंने भी कोयले से मुंह काला कर कम लूट नहीं मचायी। अपने हमप्याले जायसवाल को अपने रूतबे की बदौलत कोयले की खदाने ऐसे दिलवायीं और खुद भी पायीं जैसे देश उनके बाप-दादा की जागीर हो। दरअसल, यही लोग देश के वो लुटेरे हैं जिन्होंने सीधे-सादे पी.एम. को अपने आतंक की गिरफ्त में ले लिया था। इन जैसों की भ्रष्ट बिरादरी ने जमकर बहती गंगा में हाथ धोये। अपनी आने वाली कई पीढि‍यों के लिए पूरा बंदोबस्त कर डाला। इन सफेदपोश डकैतों को न देश का ख्याल आया और न ही करोडों बदहाल गरीबों का। इनके कई रूप-प्रतिरूप हैं। संगी-साथी हैं। कभी यह नेता बन जाते हैं, तो कभी उद्योगपति। हर रूप में इन्होंने देश को लूटा है। इनका अगर इतिहास खंगाला जाए तो न जाने कितने-कितने भयावह सच सामने आ सकते हैं। सजग मीडिया के कारण कई चेहरों के नकाब उतर गये। अगर ऐसा नहीं होता तो और भी बुरा होता। यह देश पता नहीं कहां-कहां और कैसे-कैसे लुटता रहता और देशवासियों को भनक ही नहीं लग पाती।

Thursday, April 10, 2014

नेताओं के इंतकामी तेवर

नजारे बडे चौंकाने और दहलाने वाले हैं। कांग्रेस अपनी जमीन तलाश रही है। उसे मजबूरन मुस्लिमों के धर्मगुरु जामा मस्जिद के शाही इमाम अहमद बुखारी की शरण में जाना पडा। कांग्रेस ने जो समय चुना उस पर कई सवाल खडे किये जा रहे हैं। मौलाना बुखारी भी राह देख रहे थे। उन्होंने यह घोषणा करने में देरी नहीं लगायी कि देश के मुसलमान कांग्रेस के पक्ष में मतदान करें। वे यह भी फरमाना नहीं भूले कि अगर मुसलमान अपना वोट बसपा और समाजवादी पार्टी को देते हैं तो उनका यह वोट व्यर्थ जायेगा। आज कांग्रेस के लिए मतदान करने की अपील करने वाले मौलाना बुखारी कभी समाजवादी पार्टी पर मेहरबान थे। इस मेहरबानी के बदले उन्होंने बहुत कुछ पाया। अपने दामाद को उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री बनवाने की खुशी के साथ अपनी तकदीर चमकायी। जब मुलायम ने उनके बढते लालच को आंका तो उन्होंने भाव देना बंद कर दिया। बुखारी ने भी खिलाफत का झंडा उठा लिया। अहमद बुखारी अपने पिता के पदचिन्हों पर चल रहे हैं। उनके पिता अब्दुल्ला बुखारी की भी कभी कांग्रेस से काफी नजदीकियां थीं। कांग्रेस को जब उनकी सौदेबाजी रास नहीं आयी तो उसने भी किनारा कर लिया। वे कांग्रेस को कोसने की मुद्रा में आ गये। कांग्रेस को नीचा दिखाने के लिए १९७७ के चुनाव में जनता पार्टी का भी पुरजोर समर्थन किया था। रामलीला मैदान में आयोजित एक जनसभा में तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई की उपस्थिति में वे यह कह गये कि अब देश की हुकुमत जामा मस्जिद से चलेगी। मोरारजी देसाई तुष्टिकरण की राजनीति करने वालो में शामिल नहीं थे। गुस्से में तमतमाये देसाई ने अब्दुल्ला को मंच से नीचे उतार दिया। इस अपमान को उन्होंने कैसे झेला इसे लेकर भी कई कहानियां हैं। जनता पार्टी और मोरारजी देसाई उन्हें हमेशा शूल की तरह चुभते रहे। अब्दुल्ला बुखारी का सारा जीवन ऐसे ही चक्करबाजी में बीता। कभी इसका तो कभी उसका समर्थन कर वे अपने स्वार्थ साधते रहे। अब उनके पुत्र भी वही सब कर रहे हैं। कल तक उन्हें मुलायम सिंह यादव से अच्छा और कोई नेता नजर नहीं आता था। वक्त...वक्त की बात है। धर्मगुरु भी राजनीति में पारंगत हो गये हैं। राजनेताओं की तरह हवा का रूख देखकर पाले बदलना सीख गये हैं। २००४ में अहमद बुखारी ने अटल बिहारी वाजपेयी के समर्थन में सामने आये थे। दरअसल, अहमद बुखारी को बदले हुए हालातों का अंदाज नहीं है शायद। तब की बात और थी जब चुनाव के पहले जामा मस्जिद के शाही इमाम के फतवे का असर पडता था। बार-बार विचार बदलने और फतवे जारी करने के कारण उनकी साख को बट्टा लग चुका है। रूआब और रूतबा भी नहीं रहा। उनके छोटे भाई ने ही कांग्रेस का विरोध कर उनकी अपील के परखच्चे उडा दिये हैं। यह एक तरह से कांग्रेस का अपमान है जिसने ऐसे धर्मगुरु के समक्ष घुटने टेके हैं जो हद दर्जे का मतलबपरस्त है। आज का मुस्लिम समाज भी इनके इतिहास से वाकिफ है।
तय है कि पढे-लिखे मुस्लिम मतदाता अब किसी के झांसे में नहीं आने वाले। उन्हें पता है कि जब दो स्वार्थी हाथ मिलाते हैं तो किसका भला होता है। कांग्रेस पता नहीं क्यों हवाओं के इशारे को समझना नहीं चाहती। दरअसल इस देश के राजनेता अगर सुधर जाते तो बहुत कुछ दुरुस्त हो जाता। इनके भाषणों में शब्दों के चयन का तरीका भी ब‹डा डरावना है। ७ अप्रैल से प्रारंभ हुई लोकसभा चुनावों की वोटिंग १२ मई तक चलने वाली है। बेलगाम नेताओं की जुबान जहर उगलने लगी है। ऐसा लगता है जैसे कुछ नेता इंतकाम लेने की मंशा पाले हुए हैं। चुनाव जीतने के लिए भडकाऊ भाषा का इस्तेमाल आम हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनावों के प्रभारी अमित शाह आग लगाने की मुद्रा में हैं। इस आग से क्या...क्या खाक हो सकता है इसकी उन्हें कतई चिन्ता नहीं। वे कहते हैं कि 'उत्तर प्रदेश में सम्मान का चुनाव लडा जा रहा है। ये चुनाव मुजफ्फरनगर में हुए दंगों में हुए हमारे अपमान का बदला लेने का मौका है। ये एक मौका है उन लोगों को सबक सिखाने का जिन्होंने हमारे साथ अन्याय किया है। जिन्होंने हमारे लोगों को मारा है।' अमित शाह ने जहर उगला, लेकिन भाजपा के किसी बडे नेता ने उनकी भतसरना नहीं की। कांग्रेस की भी ऐसी ही भूमिका रही। उन्हीं की पार्टी के सहारनपुर लोकसभा सीट के प्रत्याशी इमरान मसूद के तेजाबी बोल सामने आये थे : 'यदि नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश को गुजरात बनाने की कोशिश करेंगे तो मैं उनकी बोटी-बोटी कर दूंगा।'
कांग्रेस की नीयत अगर साफ होती तो वह इमरान की टिकट छीन लेती और फौरन पार्टी से बाहर कर देती। अमित शाह हों या इमरान मसूद दोनों ही विष के सागर हैं, लेकिन उनकी पार्टियां उन्हें इसलिए दुलारने को विवश हैं, क्योंकि उन्हें उनमें चुनाव जीतने और जीतवाने की क्षमता नजर आती है। इसी सोच ने ही तो इस देश का बेडा गर्क करने में कोई कसर नहीं छोडी है। नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गयी आतंकी टिप्पणी के जवाब में भाजपा नेता राजस्थान की मुख्यमंत्री ने भी यह कह कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिये कि चुनाव के बाद पता चलेगा कि टुकडे किसके होंगे। समाजवादी पार्टी के नेता और यूपी सरकार में मंत्री आजम खान भी बदले और इंतकाम की बोली बोलने में कोई कसर नहीं छोड रहे। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल पर जिस तरह से घूसों और थप्पडो की बरसात हो रही है उससे तरह-तरह की शंकाएं होने लगी हैं। कहीं इन भडकाऊ भाषणबाजों और इंतकामियों का असर तो नहीं जो एक ईमानदार नेता बेवजह पिट रहा है और यह लोग तालियां पीट रहे हैं।

Friday, April 4, 2014

मतदाता... चूक मत जाना

मीडिया हो या भीड। बस एक ही चर्चा है। किसकी सरकार बनेगी? कुछ लोग राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का सपना पाले हैं तो कइयों को अब तो नरेंद्र मोदी ही पीएम की कुर्सी के असली हकदार नजर आते हैं। इन दो नामों के शोर से परेशान जिन लोगों ने अपना माथा पकड लिया है उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। देश का टूटा-फूटा कमजोर आदमी इस तमाशे को देखकर स्तब्ध है। ऐसे-ऐसे नेता उसके जर्जर-बिखरे घर के चक्कर काट रहे हैं जिन्हे वह जानता तक नहीं। दरअसल यह तमाशा तो हर चुनावी मौसम में होता है। हिन्दु, मुसलमान, दलित-शोषित, पिछडों गरीबों को खुशहाल बनाने के तराने गाये जाते हैं। आम आदमी ऐसे नारों और तमाशों का अभ्यस्त हो गया है। बेरोजगारी, बेबसी और भुखमरी से ग्रस्त इस आदमी की आज भी अपनी एक अलग अंधेरी दुनिया है, जिसे अगर सच्चे नेता देख लें तो शर्म के मारे आत्महत्या करने को विवश हो जाएं। इस दमघोटू दुनिया में तभी झांका जाता है जब चुनाव आते हैं। झांकने और देखने में बहुत फर्क होता है जैसे अमीरी और गरीबी में। खुशहाली और बरबादी में। अंधेरे और उजाले में। अपनी पूरी जिन्दगी रोजी-रोटी के चक्कर में गंवा देने वाले आम आदमी को पता है कि अगर वह खून पसीना नहीं बहायेगा तो उसे और उसके परिवार को भूखे पेट ही रहना पडेगा। ऐसे बदकिस्मतों की संख्या इस देश में करोडों में है। जिनके पास न घर है और न ही स्थायी रोजी-रोटी के अवसर। फिर भी चुनाव इन्ही के नाम पर लडे जाते हैं। अधिकांश सरकारी योजनाएं भी इन्हीं के लिए बनायी जाती हैं। फिर भी इनके हालात नहीं बदल पाते। साफ-साफ नजर आता है। एक देश गरीबों का है तो दूसरा अमीरों का। अमीर भी ऐसे-ऐसे कि जो चाहें वो कर डालें। उन्हें कोई रोकने-टोकने वाला नहीं। इन्ही के इशारों पर सरकारें बनती, टूटती और बिखरती हैं। न जाने कितने नेता इनकी चौखट पर अपना माथा रगडते हैं और क्या से क्या हो जाते हैं। दरअसल यह रीत बडी पुरानी है। विरले ही इस लीक से हटने की कोशिश करते हैं। इस बार का चुनावी महासमर भी पुराने और नयों योद्धाओं से भरा पडा है। अधिकांश नयों ने भी पुरानों से दीक्षा-शिक्षा ली हुई है। देश के चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की खर्च सीमा ७५ लाख रुपये तय की है। इस लेखक का दावा है कि कई प्रत्याशी ऐसे हैं जिनके लिए पचास करोड भी कम पडने वाले हैं। सौ करोड से ऊपर उडाने वालों की भी अच्छी खासी तादाद है।  चुनाव प्रचार का श्रीगणेश करते ही इन्होंने अपने काले-सफेद धन की बरसात करने में देरी नहीं लगायी। इन्हें पता है कि इनके 'आदर्श' कैसे चुनाव जीतते आये हैं। इन्हें यह भी यकीन है कि उनका अनुसरण अंतत: फायदे का सौदा साबित होगा।
यह लोग वोटरों का शिकार करने से बाज नहीं आने वाले। मतदान से पूर्व की रात इनके समर्थक और चेले चपाटे गली-गली और घर-घर जाने को कटिबद्ध हैं। उनके पास कंबलों, साडि‍यों, नोटों के बंडलों और दारू की बोतलों के साथ वो सब सामान होगा जिनसे गरीब मतदाताओं को लुभाया और फंसाया जा सके। यानी हर बार की तरह इस बार भी जाल फेंका जाएगा। अब बिकना या न बिकना मतदाताओं के हाथ में है। देश में १० अप्रैल से लोकसभा चुनाव के मतदान की शुरूआत होने जा रही है। राजनीति के चोले में सजे धनपशुओं को अपने धनबल पर यकीन है। उनके इस भ्रम को तोडने का वक्त आ गया है। मतदाता ही परिवर्तन की मशाल जला सकते हैं। किसी भी मतदाता को यह नहीं भूलना चाहिए कि बाहुबल और धनबल ने लोकतंत्र को बीमार करके रख दिया है। लोकसभा में कई अपराधियों की तूती बोलती है। जिन्हें जेल में होना चाहिए वही सांसद बनते चले आ रहे हैं। इसलिए इस बार जैसा मौका फिर हाथ नहीं आने वाला। इस बार भी अगर दागी जीत गये तो यकीनन देश हार जाएगा। लोकतंत्र का कहीं अता-पता ही नहीं चलेगा। जातपात, धर्म संप्रदाय और क्षेत्रवाद की सोच से बहुत ऊपर उठकर किया जाने वाला मतदान ही बरबादी के कगार पर खडे हिं‍दुस्तान को बचा सकता है। इस बार की चूक के बाद मतदाता शिकवे और शिकायतें करने लायक भी नहीं बचेंगे। ऐसा कई बार हो चुका है कि मायावी भुलावे में आकर मतदाता जिन्हें लोकसभा में भेजते हैं वे कसौटी पर कतई खरे नहीं उतरते। उनके भारी-भरकम भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और रिश्वतों के किस्से मीडिया की सुर्खियां बनते रहते हैं। बेचारे मतदाता खुद को कोसने के सिवाय और कुछ नहीं कर पाते। इस बार यह नौबत न आए... इसलिए उन्हें वोट देने की कतई भूल न करें जिनके इर्द-गिर्द भूमाफिया, खनिज माफिया, दारू माफिया, कुख्यात बिल्डर, सरकारी ठेकेदार, चाटूकार अखबारीलाल और चालबाज छुटभइये नेताओं का जमावडा लगा रहता हो। ऐसे प्रत्याशी आमजन के हित की कभी सोच ही नहीं सकते। चुनाव जीतने के बाद इन्हें मतदाताओं की कभी कोई सुध ही नहीं आने वाली। दरअसल इन्हें अपनी चांडाल चौकडी से ही फुर्सत ही नहीं मिल पायेगी। इसलिए अपना सांसद, अपना रहनुमा उसे चुने जिसके पास मतदाताओं के लिए समय ही समय हो। अभद्र व्यवहार करने और व्यापारिक सोच रखने वाले को अपना वोट देने की भूल और नादानी देश को ले डूबेगी।