Thursday, July 3, 2014

चीखने और चिल्लाने की आवाज़ें

अपनी-अपनी पीडा। अपनी-अपनी चिन्ता। अपना-अपना लालच। अपनी-अपनी दास्तान। अपनी सरकार के कार्यकाल का एक माह पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस चुप्पी को तोडा जिस पर उंगलियां उठ रही थीं। यह खामोशी किसी भाषण-वाषण से नहीं, उनके ब्लॉग के जरिए टूटी। यानी आधी-अधूरी। जब तक मोदी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर काबिज नहीं हुए थे तब तक तो वे खूब बोला करते थे। हर सवाल का जवाब फौरन हाजिर हो जाया करता था। जबसे प्रधानमंत्री बने हैं तब से हालात उलट-पुलट गये हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि कुछ लोग उन्हें चैन से काम नहीं करने देना चाहते। सोनिया गांधी की सरपरस्ती में चली डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार को दस साल तक बर्दाश्त कर लिया गया, लेकिन उनकी सरकार के तीस दिन भी पूरे नहीं हुए थे कि आलोचक पानी-पी-पीकर तीखे सवालों की बौछार करने पर आमादा हो गए! यह तो सरासर नाइन्साफी है। जिसे देखो वही हाथ में रजिस्टर थामे अच्छे दिनों का हिसाब मांग रहा है। मेरे हाथ में कोई जादू की छडी तो है नहीं... कि चंद दिनों में देश की बदहाली को खुशहाली में तब्दील कर दूं। मेरी सरकार दिन-रात इस माथा-पच्ची में लगी है कि किस तरह से विशाल देश में जन-जन की समस्याएं हल की जाएं। हमने मौज-मस्ती के लिए नहीं देशवासियों की तकलीफें दूर करने के लिए सत्ता संभाली है। आम जनता को तो अभी भी हम पर भरोसा है। ऐसे उतावले लोगों में मीडिया भी शामिल है। उसकी बेसब्री भी देखते बनती है।
मीडिया से अकेले मोदी ही खफा नहीं हैं। उनकी सरकार के कुछ और मंत्री भी यही चाहते हैं कि देश भर के सारे अखबार और न्यूज चैनल वाले उनकी कमियों और कमजोरियों को नजरअंदाज करते रहें। देश के विद्वान खाद्यमंत्री रामविलास पासवान काफी शोध करने के पश्चात इस निष्कर्ष पर पहुंचे हैं कि मीडिया में आने वाली खबरों के चलते जहां महंगाई अपना तांडव दिखा रही है वहीं व्यापारी धडाधड जमाखोरी कर रहे हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर की बोलवाणी तो और भी कमाल की है... जिससे देशवासियों को सतर्क और सावधान हो जाना चाहिए... 'महंगाई कोई इलेक्ट्रिक स्विच नहीं है, जिसे ऑन या ऑफ किया जाए।' नरेंद्र मोदी के अपार शुभचिन्तक भी अपना तर्क रखने से नहीं चूक रहे हैं... 'प्रधानमंत्री जब खुद हनीमून पीरियड की बात कर रहे हैं तो उनके कार्य के आकलन के मामले में सब्र का दामन थामने में ही अक्लमंदी है। जब देशवासी मौनी बाबा (डॉ. मनमोहन सिंह) को इतने साल झेल सकते हैं तो मोदी के साथ नाइन्साफी क्यों? उन्हें भी पूरा वक्त दिया जाना चाहिए। गर्त में समा चुके देश को फिर से खडा करने में वक्त न लगे ऐसा तो हो नहीं सकता।' यानी तमाम बुद्धिमान उस आम आदमी को सब्र का पाठ पडा रहे हैं जो पिछले कई साल से अराजकता, बेरोजगारी, गरीबी, अशिक्षा, महंगाई और बेलगाम भ्रष्टाचार की यातना को सहता चला आ रहा है।
हमारे यहां की जनता भी बहुत जल्दी झांसे में आ जाती है। क्या उसे यह पता नहीं होता कि चुनाव अभियान के दौरान किये गये वायदे और उछाले गये आश्वासन तो वोटरों को लुभाने के लिए होते हैं? मीडिया को महंगाई का दोषी ठहराने वाले इस देश के खाद्यमंत्री ने शातिर नेताओं वाली बयानबाजी कर दर्शा दिया है कि उनकी नज़र में मीडिया की कितनी अहमियत है। उनकी यही मंशा दिखती है कि मीडिया लोगों को सच से रू-ब-रू कराना छोड दे। वह भी उन्हें ऐसे सपने दिखाए जिनके पूरे होने के आधे-अधूरे आसार हों। या फिर हों ही नहीं। पासवान साहब को जब यकीन है कि जमाखोर हरामखोरी पर उतर आएं हैं तो वे उनके गोदामों पर छापे क्यों नहीं डलवाते? कहीं 'अपने वालों' का तादाद ज्यादा होने की वजह से खुलकर पकडा-धकडी करने की हिम्मत ने जवाब तो नहीं दे दिया? जनता को आप लोगों की दिखावटी मजबूरियों से क्या लेना-देना! वह तो महंगाई के दानव से मुक्ति चाहती थी। आपकी सरकार ने आते ही रेल की यात्रा महंगी कर दी। आलू, प्याज, गैस, डीजल आदि के भाव ऐसे बढा दिए जैसे हिन्दुस्तान पूरा का पूरा अमीरों का देश है।
भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी को केन्द्र की सत्ता दिलवाने में भले ही अमीरों की थैलियों का योगदान रहा हो, लेकिन हकीकत यही है कि इनके सपनों को इस देश की उस गरीब जनता ने ही साकार किया है जिसकी झोली कल भी खाली थी और आज भी खाली है। जिनकी रोज की आमदनी पच्चीस-पचास रुपये से ज्यादा नहीं है उनपर मोदी सरकार की महंगाई की मार बहुत दुखदायी है। इस देश की आधी से अधिक आबादी के लिए दो वक्त का भोजन एक सपना है। वर्षों से इस सपने के साथ खिलवाड होता चला आ रहा है। मोदी ने जब यह कहकर 'स्वप्नजीवियों' की उम्मीदें जगायीं कि 'बस अब तो अच्छे दिन आने वाले हैं' तो उन्होंने अतीत में हुए धोखों को विस्मृत कर यकीन करने में देरी नहीं लगायी। तो फिर उनके सपनों को साकार करने में देरी क्यों लगायी जा रही है? वे तो दूध के जले हैं, छाछ भी फूंक-फूंक कर पीना चाहते हैं। आप हैं कि उन्हें तेजाब पीने को विवश कर रहे हैं। आपकी कोई भी सफाई उनके गले नहीं उतरने वाली। उन्हें यह मत बताइए कि सरकार को देश चलाने के लिए कुछ कडवे फैसले लेने ही पडते हैं। अरे भाई, आप सरकार हैं, आपको किसने रोका है? लेकिन यह भी तो देखिए, सोचिए कि आप कडवे निर्णय लेकर किन्हें कडवी दवा पीने को विवश कर रहे हैं? उन्हें जो पहले से ही बेदम हैं, लाचार हैं, मृत्यु शैय्या पर हैं! हर बार अगर इन्हीं पर ही कहर ढाया जायेगा तो कराहने, चीखने और चिल्लाने की आवाज़ें तो आयेंगी ही। किसी भी शासक की सेहत के लिए ऐसे हालात अच्छे नहीं होते। भले ही उसकी छाती छप्पन इंच की क्यों न हो।

Thursday, June 26, 2014

आस्था पर आघात

वैसे तो इंसानों की दुनिया में तरह-तरह के युद्ध होते रहते हैं। ईर्ष्या और प्रतिस्पर्धा का दौर भी चलता रहता है। पर यह लडाई बडी अजूबी है। जिसकी शुरुआत द्वारका और ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने की है। इसे लडाई कहें, जग-जगाई कहें या फिर अपनी सत्ता के डगमगाने का भय कहें? स्वरूपानंद के मन में पता नहीं कैसे एकाएक यह तरंग उठी कि शिर्डी के सार्इं बाबा भगवान नहीं हैं। उनकी पूजा करने में हिन्दु धर्म को बांटने का गहरा षडयंत्र छिपा हुआ है। जो लोग सार्इं बाबा की पूजा अर्चना को सतत बढावा दे रहे हैं वे हिन्दु धर्म को कमजोर कर रहे हैं। सार्इं बाबा के देश-विदेश में फैले करोडों उपासकों को स्वामीजी ने सचेत करने के साथ याद दिलाने की कोशिश की है कि हिन्दु धर्म में २४ अवतार हैं, जिनमें कलयुग में केवल बुद्ध और कल्कि अवतार हैं। शिर्डी के सार्इं बाबा न तो अवतार हैं और नही गुरु... तो फिर ऐसे में उनकी पूजा का क्या औचित्य है? यह सवाल वाकई बडा अजूबा है। आस्था को ही कठघरे में खडा कर दिया गया है। जिस देश में फिल्म अभिनेताओं, खिलाड़ियों और राजनेताओं के भी मंदिर तान दिये जाते हों और उन्हें अपना भगवान मानकर पूजा-अर्चना करने वालों का तांता लग जाता हो, जहां पेड, नदियां, पहाड पूजे जाते हों और लोगों की आस्था पर कोई बंधन न हो, वहां शिर्डी के सार्इं बाबा को लेकर देश के जाने-माने धार्मिक संत के ऐसे चौंकाने और उकसाने वाले बयान के आखिर क्या मायने हैं?
इतिहास के पन्ने बताते हैं कि सार्इंबाबा सच्चे मायने में एक फकीर थे। १८१९ में इस मायावी संसार से विदा लेने वाले सार्इं के जीवन का अधिकांश समय एक पुरानी मस्जिद में बीता। वे हिन्दु थे या मुसलमान इसका किसी को कोई पता नहीं है। दुखियारों और बेसहारा लोगों की सेवा करना ही उनका कर्म-धर्म था। सार्इं के लिए हिन्दु, मुसलमान एक समान थे। उन्होंने शिर्डी में साठ साल तक रहकर लोगों को धर्म की राह पर चलकर इंसानियत का पाठ पढाया। उन्होंने श्रद्धा और सबूरी को अपने जीवन का मूलमंत्र बनाने और 'सबका मालिक एक' का संदेश दिया। देश और दुनिया को सर्वधर्म समभाव की सीख देने वाले सार्इं के भक्तों की संख्या में धीरे-धीरे इतना इजाफा हुआ कि धर्म के ठेकेदारों के होश ही उड गए। यकीनन यह चमत्कार एकाएक नहीं हुआ। एक समय वो भी था जब बाबा के भक्तों की नाम मात्र की संख्या थी। कुछ स्थानीय भक्त ही उनके दरबार में हाजिरी लगाते थे। सादगी और फकीराना अंदाज सार्इं की असली पहचान थी। उनके इसी रूप ने लोगों को सम्मोहित किया। पहले शिर्डी में एक मंदिर बना। अब देशभर में हजारों मंदिर बन चुके हैं। विदेशों में भी उनके भक्तों ने सार्इं मंदिर बनवाये हैं। यह वाकई श्रद्धा और आस्था का कमाल है। सार्इं बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने वालों में हर वर्ग के लोग शामिल हैं। वीवीआईपी, वीआईपी से लेकर आमजन तक बाबा के समर्पित भक्त हैं। इन्हें किसी ने जबरन प्रेरित नहीं किया, बल्कि यह खुद-ब-खुद उनके उपासकों में शामिल हुये हैं। ९० साल के उम्रदराज स्वामी स्वरूपानंद ने सार्इं की निरंतर बढती ख्याति को लेकर बहुत कुछ कहा है। लोगों का प्रखर विरोध भी सामने आया हैं। सार्इं का आडंबरों से कोई वास्ता नहीं था। उन्होंने सर्वधर्म समभाव का पाठ पढाया और नकारात्मक वृतियों को त्यागने और सकारात्मक सोच और राह को अपनाने की सीख दी। शिर्डी के सार्इं मंदिर में जब लाखों श्रद्धालु हाजिरी लगाते हैं तो तय है कि चढावा भी अच्छा-खासा आता है। जिस शिर्डी संस्थान की अपने जन्मकाल में वार्षिक आय मात्र दो सौ रुपये थी आज वह ५०० करोड का आंकडा पार कर चुकी है। महाराष्ट्र के श्रद्धालु नियमित सार्इं बाबा के दरबार में आते हैं। वहीं देश के और विदेश के श्रद्धालुओं की संख्या भी करोडों में है। कल का गांवनुमा शिर्डी शहर में तब्दील हो चुका है। आलीशान इमारतें और बडे-बडे होटल अब शिर्डी की पहचान हैं। देशी और विदेशी भक्तों के स्वागत के लिए खुले थ्री स्टार और फाइव स्टार होटल यह ऐलान करते प्रतीत होते हैं कि शिर्डी को महानगर बनने से कोई नहीं रोक सकता। हवाई सुविधा भी उपलब्ध है। प्रतिदिन आने-जाने वाले भक्तों के लिए ढेरों बसें और गाड़ियां तो हैं ही। जमीनों के भाव भी आसमान छूने लगे हैं। लालची बिल्डरों, दलालों और शातिर नेताओं की कारस्तानी के चलते ऐसा बहुत कुछ हो रहा है जो धार्मिक नगरी की छवि के अनुकूल नहीं है। लेकिन इसे रोक पाना मुश्किल है। देश की हर धार्मिक नगरी के ऐसे ही हालात हैं। जहां तीर्थयात्रियों की संख्या बढती है वहां बाजार भी पनप जाता है। चालीस साल पहले जहां शिर्डी में एक छोटा-सा मंदिर था अब वहां भव्य मंदिर है। बाबा की मूर्ति और छतरी सोने की बन चुकी है। शिर्डी के मंदिर की तिजोरियों में जमा होने वाले धन का सदुपयोग भी हो रहा है। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल स्थापित किये जा रहे हैं। यही तो मानवता की सच्ची सेवा है। सार्इं बाबा भी यही तो चाहते थे। स्वरूपानंद क्या चाहते हैं, उसके कोई मायने नहीं हैं।

Thursday, June 19, 2014

धर्म के चोले में लिपटा आतंक

...मुंबई में कुख्यात डॉन अरुण गवली ने अपने उस दुश्मन को टपकवा दिया जिसने उसके खिलाफ कोर्ट में गवाही दी थी।
...राष्ट्रद्रोही दाऊद इब्राहिम ने छोटा राजन पर भरे बाजार गोलियां चलवायीं। राजन ने दाऊद के खात्मे की कसम खायी हुई है। दाऊद अपने ऐसे किसी भी दुश्मन को जमीन पर जिन्दा नहीं देखना चाहता।
...चम्बल के डाकूओं ने उन पांच ग्रामीणों को फांसी पर लटकाया जिनका खाकी वर्दी वालों से मिलना-जुलना लगा रहता था।
...भिलाई के नामी दारू किंग ने श्रमिक नेता की सुपारी देकर हत्या करवायी। वह श्रमिकों को शराब से दूर रहने के लिए प्रेरित करता रहता था।
...मुखबिरी की शंका के चलते नक्सलियों ने शिक्षक की गर्दन उ‹डायी।
...अरबो-खरबों का कोयला पचा जाने वाले भ्रष्ट नेता को बेनकाब करने वाले पत्रकार की निर्मम हत्या।
...बलात्कारी मंत्री के खिलाफ गवाही देने वाले राम, श्याम और बलराम पर जानलेवा हमला।

हम और आप ऐसी तमाम खबरों को पढने और सुनने के अभ्यस्त हो चुके हैं। अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाना ही उन लोगों का पेशा है, जिनका काम ही अपराध करना है। सफेद लिबास पहनकर काले धंधे करने वालों का एक ही उसूल होता किसी भी तरह से अपने दुश्मन का खात्मा करना। इसके लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। हत्यारों, बलात्कारियों, देश की संपदा के लुटेरों और किस्म-किस्म के अनाचारियों द्वारा अपने खिलाफ खडे होने वालों की हत्याएं करना आम बात है, लेकिन जिनकी दाल-रोटी ही धर्म के सहारे चलती हो और जो दिन-रात चरित्र, शालीनता, दया, मानवता के गीत गाते हों अगर वही अराजक तत्वों की श्रेणी में शामिल हो जाएं... तो? प्रवचनकार आसाराम को बेनकाब करने वाले आयुर्वेद चिकित्सक अमृत प्रजापति की बीते सप्ताह मौत हो गयी। यह मौत उन गोलियों की देन है जो धर्मगुरू आसाराम के किसी अंध-भक्त ने प्रजापति पर चलायी थीं। प्रजापति ने नाबालिग लडकी पर बलात्कार के मामले में आरोपी आसाराम के खिलाफ गवाही दी थी। प्रजापति ने ही आसाराम और उनके दुराचारी बेटे नारायण सार्इं के तमाम दुष्कर्मों का निर्भीकता के साथ काला चिट्ठा खोला था। प्रजापति ने ही चीख-चीख कर पूरी दुनिया को बताया था कि आसाराम और नारायण सार्इं जो दिखते हैं वो हैं ही नहीं। उनकी नस-नस में तो छल, कपट, वासना और भोगविलास की वो गंदगी भरी पडी है जिससे दूर रहने की वे दुनिया को सीख देते फिरते हैं। ये वो धूर्त हैं जो अपनी शिष्याओं का चीर-हरण करते हैं। यह वो अस्मत के लूटेरे हैं जो अनुष्ठान के नाम पर अपने अनुयायियों की बहू-बेटियों की इज्जत लूटते हैं। यह वो शिकारी हैं जो हमेशा इस ताक में रहते हैं कि किसी मासूम बच्ची के सपनों को कैसे रौंदा जाए। इनके लिए किसी रिश्ते की कोई अहमियत नहीं है। १९९२ में प्रजापति ने अहमदाबाद आश्रम में आसाराम को जब एक महिला अनुयायी के साथ दुष्कर्म करते देखा तो उसके पैरों तले की जमीन ही खिसक गयी थी। कभी वह भी आसाराम का अंध भक्त था। खुली आंखों से देखे शर्मनाक सच ने उसे आसाराम और उनके बेटे के कुकर्मों का पर्दाफाश करने के लिए विवश कर दिया।
आसाराम का जैसा मायाजाल था, उसने जिस तरह से अपने भक्तों की आंखों पर पट्टी बांध दी थी और जिस तरह से वह छल, कपट कर रहा था इसका शायद ही पर्दाफाश हो पाता। कुदरत का यह नियम है, जब पाप का घडा भर जाता है तो खुद पापी ऐसी हरकतें करने लगता है, जिनके कारण वह नंगा हो जाता है। किसी को उसका चीर-हरण नहीं करना पडता। आसाराम और नारायण सार्इं 'देव पुरुष' होते तो दुष्कर्मों के गर्त में समाते ही नहीं। वे हद दर्जे के भोगी थे। दुनिया से अपना सच छिपा रहे थे। उन्होंने यह भ्रम पाल लिया था कि उनका नकली संतत्व असली से ज्यादा खरा है। पर खोटा सिक्का कब तक चल पाता है? एक-न-एक दिन उसे गटर के हवाले होना ही होता है। अब जब खोटे सिक्के गटर में समा चुके हैं तो बाजार (लोगों) को उनका हश्र तय करना है। पर कुछ लोग हैं कि सच को स्वीकार करने को तैयार ही नहीं। उन्हें आज भी अपने 'आदर्श' के कुकर्मी, नशेबाज और बलात्कारी होने पर शंका है। यह सोचकर हैरत होती है कि आसाराम के 'भक्तों' ने यह कैसे मान लिया कि वो नाबालिग लडकी और तमाम पीड़िताएँ झूठी हैं जिन्होंने बाप-बेटे पर संगीन आरोप लगाए हैं। मर्यादाओं में बंधे संत कभी ऐसा कोई काम नहीं करते जो उन्हें अपराधियों के साथ खडा कर दे। प्रजापति का काम तमाम करवाने से पहले भी आसाराम और उनके पुत्र के खिलाफ गवाही देने वालों पर हमले हो चुके हैं।
सबसे पहले २८ फरवरी को सूरत की पीड़िता के पति पर हमला किया गया। एक मार्च को अहमदाबाद केस की मुख्य गवाह महिला के पति के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उन लोगों को सचेत किया गया जो इन दोनों के पापों की गवाही देने की कसम खा चुके थे। १६ मार्च को सूरत के प्रमुख गवाह पर तेजाब डालकर ऐसी गुंडागर्दी दिखायी गयी कि सजग देशवासी सोचने को विवश हो गये कि जिसे वे पूजते थे वह तो दरिंदगी और हैवानियत का पुतला है। १७ मार्च को अपने पीए को लखनऊ में कार से कुचलवाने की नापाक हरकत को अंजाम दिलाने वाले आसाराम यह कहकर हमलों से कन्नी काट सकते हैं कि यह सब तो मेरे चेलों का किया-कराया है। मैंने तो उनसे ऐसा करने को कभी नहीं कहा। भावावेश में उन्होंने इतनी बडी हिम्मत दिखा दी। वाकई उनके कुछ अनुयायी बहुत बडे जिगर वाले हैं। किसी छोटे-मोटे चेले-चपाटे में अमृत प्रजापति पर गोलियां चलाने का दम होने का सवाल ही नहीं उठता था। यह तो किसी बडे हाथ की कलाकारी है। पता नहीं अभी और कितने गवाह इन हत्यारो-कलाकारों की गोलियों और तेजाब के शिकार होने बाकी हैं। लेकिन यह तय है कि आसाराम और उनके पाखंडी कुपुत्र नारायण सार्इं के दुष्कर्मों की गवाही देने वालों का सिलसिला थमने वाला नहीं है। क्योंकि अब तो धर्म के चोले में लिपटे जुल्म, बर्बरता और आतंक की इन्तेहा हो चुकी है।

Thursday, June 12, 2014

नाम की कमायी

धार्मिक नगरी मथुरा की सांसद बन गयी हैं फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी। लम्बे इंतजार के बाद स्वप्न सुंदरी ने यह तोहफा पाया है। वर्षों से विभिन्न चुनावी मंचों पर फिल्मी डायलागबाजी कर भाजपा की सेवा करती चली आ रही हैं। आम जनता से उनका कभी कोई वास्ता नहीं रहा। भीड में दम घुटने लगता है। मथुरा में खुद के चुनाव प्रचार के दौरान कई बार भारी भीड को देखकर असहज हो जाती थीं। किसी की हलकी-सी छुअन से उनके तन-बदन में अंगारे लग जाते थे। पार्टी कार्यकर्ताओं से भी दूरी बनाये रखती थीं। चंद लोग ही उनसे मिल पाते थे। यह तो अभिनेत्री की किस्मत अच्छी थी कि मोदी लहर के बहाव में उनकी नैय्या भी पार हो गयी। सांसद बनने से पहले तक तो दूर से झलक दिखाने और कातिलाना अंदाज से मुस्कराने और हाथ हिलाने से काम चल जाता था। अब हालात बदल गये हैं। ऊंट पहाड के नीचे आ चुका है। जमीनी हकीकत से टकराने की तकलीफ और विवशता उनके चेहरे के हावभाव से बयां हो जाती है। पर सवाल यह है कि उन लोगों का क्या कसूर है जिन्होंने हमेशा हवा में उडने वाली फिल्मी नारी को लोकसभा पहुंचाया है? हुआ यूं कि सांसद बनने के बाद पहली बार जब अभिनेत्री अपने निर्वाचन क्षेत्र मथुरा पहुंची तो उन्हें अपनी समस्याओं से रूबरू करवाने वालों की भीड लग गयी। शहर के एक होटल में जनता दरबार लगाया गया था। हर मिलनेवाले की अपनी समस्या थी। यानी समस्याओं का अंबार था। सभी उनसे सीधे संवाद करना चाहते थे। भीषण गर्मी के बावजूद लोग यमुना प्रदूषण, पेयजल, गंदगी, शिक्षा, बेरोजगारी, सडक आदि की तमाम समस्याओं को लेकर हेमा मालिनी के समक्ष डट गये। वातानुकूलित कमरों में रहने वाली नायिका के तो जैसे होश ही उड गये। माथा चकरा गया। आखिर कैसे निपटा पाएंगी इतनी ढेर सारी समस्याओं को? उन्होंने तो कभी इस पर चिंतन-मनन ही नहीं किया था। देश में इतनी बदहाली है इसकी तो उन्हें कल्पना ही नहीं थीं। उनका तो सारा जीवन तमाम सुख-सुविधाओं के बीच बीता है। दुनिया की कोई खुशी ऐसी नहीं जो उनके हिस्से में न आयी हो। फिल्मों में सज-धज कर रटे-रटाये संवादों के साथ अभिनय कर छुट्टी पा लेने वाली अभिनेत्री को यकीनन यथार्थ ने उस जमीन पर ला पटका है जिससे उन्होंने लम्बी दूरी बना रखी थी। हेमा के पति परमेश्वर को भी ऐसे ही सांसद बनने का सौभाग्य हासिल हुआ था। देश का विख्यात फिल्मी चेहरा होने के कारण भाजपा ने उन्हें लोकसभा की टिकट उपहार में दी थी और खुशकिस्मती से धर्मेंद्र भी चुनाव जीत गये थे। पंजाब के जिस शहर के वे सांसद बने थे वहां के लोगों को उनसे ढेरों उम्मीदें थीं। अक्सर यह देखा गया है कि लोकप्रियता के चलते फिल्मी लोग चुनाव तो जीत जाते हैं पर जब पसीना बहाने की बारी आती है तो उन्हें नानी याद आ जाती है। धर्मेंद्र को उनके प्रशंसकों ने सांसद तो बना डाला, लेकिन वे पूरे पांच साल तक वोटरों से दूरी बनाये रहे। यदा-कदा अपने चुनाव क्षेत्र में जाते पर भीषण गर्मी, सर्दी और बरसात के थपेडों को न सह पाने के कारण अपने वातानुकूलित होटल के कमरे से बाहर निकलने की हिम्मत ही नहीं जुटा पाते थे। अब उनकी धर्मपत्नी मैदान में उतरी हैं और उनके शुरूआती रंग-ढंग तो यही बता रहे हैं कि वे मन ही मन उस घडी को कोस रही होंगी जब उन्होंने लोकसभा चुनाव लडने का फैसला किया था। इससे तो राज्यसभा ही अच्छी थी। बिना मेहनत के मजे ही मजे।
झारखंड के लोहरदगा से लोकसभा चुनाव जीतने वाले सुदर्शन भगत के बारे में भी जानना जरूरी है। आदिवासी समुदाय के जमीनी नेता सुदर्शन भगत को तो भाजपा के प्रदेश के नेता टिकट देने के ही पक्ष में नहीं थे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के दबाव के चलते उन्हें टिकट दी गयी।  आम जनता की हर तकलीफ से वाकिफ सादगी पसंद सुदर्शन भगत को विजयश्री हासिल करने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पडी। चुनाव जीतने के बाद जब दुसरे सांसद दिल्ली में मेल-मुलाकात कर मंत्री पद की जुगाड में लगे थे तब सुदर्शन अपने दुर्गम निर्वाचनक्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुन रहे थे। दिल्ली में उन्हें मंत्री बनाने की घोषणा कर दी गयी थी, लेकिन वे इस बात से पूरी तरह से अंजान थे कि उन्हें नरेंद्र मोदी की सरकार में मंत्री पद से सुशोभित किया जाने वाला है। मंत्री पद की शपथ लेने का समाचार देने के लिए उनसे संपर्क करने की कोशिशें की गयी। लेकिन उनसे संपर्क ही नहीं हो पा रहा था। किसी तरह से उन तक संदेश पहुंचाया गया। जब वे दिल्ली पहुंचे तो उनके पास शपथ लेने लायक कपडे ही नहीं थे। नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद उन्हें खादी ग्रामोद्योग की दुकान ले जाया गया। उनके लिए कपडे खरीदे गये जिन्हें पहनकर उन्होंने शपथ ली। एक तरफ सुदर्शन भगत हैं तो दूसरी तरफ हैं नामी-गिरामी अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा। शत्रुघ्न सिन्हा बिहार की पटना साहिब से लोकसभा का चुनाव लडकर दूसरी बार सांसद बने हैं। वे भी किस्मत के धनी हैं। फिल्मो के जरिए पायी लोकप्रियता और नाम को उन्होंने खूब भुनाया है। उनका भी जन समस्याओं से कभी कोई करीबी नाता नहीं रहा। भाषणबाजी में खासे माहिर हैं। वे तो नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने के लायक ही नहीं समझते थे। जब-तब उन्हें लालकृष्ण आडवाणी के नाम की माला जपते देखा गया। लोकसभा चुनाव जीतने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा को खुद के मंत्री बनने का इतना यकीन था कि उन्होंने तो शपथ ग्रहण के लिए शानदार महंगी शेरवानी भी सिलवा ली थी। लेकिन बिहारी बाबू का मंत्री बनने का सपना ही धरा का धरा रह गया। दरअसल, अधिकांश फिल्मी चेहरों को जब फिल्मों में काम मिलना बंद या कम हो जाता है तो वे अपनी लोकप्रियता को भुनाने के लिए राजनीति में आ जाते हैं। राजनीतिक पार्टियां भी उनका भरपूर स्वागत करती हैं। उन्हें पता होता है कि जनता इन्हें हाथों-हाथ लेगी। प्रसिद्धि चाहे अच्छे कर्मों की बदौलत हो या फिर बुरे कामों के चलते... काम आ ही जाती है। नाम कमाने के भी कई तरीके हैं। हमारे इस अजब-गजब देश में नाम का दाम मिल ही जाता है। तभी तो बाहुबली हत्यारे शहाबुद्दीन और दस्यु सुंदरी फूलन देवी जैसे कुख्यातों को भी लोकसभा में अपना रूतबा दिखाने के लिए चुनावी जीत नसीब हो जाती है।

Thursday, June 5, 2014

राष्ट्र, राजनीति, समाज और राष्ट्र पत्रिका

पत्रकारिता का अर्थ चारण बनना नहीं, बल्कि व्यवस्था की सही तस्वीर दिखाना है। अखबार अपने समय के सच का दस्तावेज होते हैं। कल भी यही सच था और आज भी... कि कलम की ताकत बंदूकों, तोपों और तलवारों पर भारी पडती है। हमारे आज के समय का सच बडा कडवा है। भयावह भी। इस सच से मुंह नहीं मोडा जा सकता। यह संपादकीय लिखते समय मुझे उदय प्रताप सिंह की गजल की यह पंक्तियां याद आ रही हैं। हालांकि इस गजल को मैंने सन २०१० में किसी पत्रिका में पडा था और यह पंक्तियां सतत मेरे साथ बनी रहीं, क्योंकि देश के हालात लगभग जस के तस हैं। अपराधी कानून से भय नहीं खाते। कहीं-कहीं तो कानून के रखवाले ही दबंगों और धनपशुओं की चौखट पर नतमस्तक नजर आते हैं।
"ये रोज कोई पूछता है मेरे कान में
हिंदोस्ता कहां है अब हिन्दोस्तान में
इन बादलों की आंख में पानी नहीं रहा
तन बेचती है भूख एक मुट्ठी धान में"
भारतवासियों की सहनशीलता का कहीं कोई सानी नहीं। धोखे पर धोखे खाने के बाद भी इस राष्ट्र के लोगों के चेहरों पर शिकन नहीं आती। आशा और उम्मीद का सूरज कभी नहीं डूबता। आने वाले अच्छे कल के इंतजार में पूरी की पूरी उम्र खपा दी जाती है। सपने दिखाने और आश्वासन बांटने वाले हुक्मरानों ने जितना राष्ट्रवासियों को छला है उतना शायद ही किसी और ने। राष्ट्र का प्रदेश उत्तर प्रदेश। इस प्रदेश को शातिर राजनेताओं ने राजनीति की निर्मम प्रयोगशाला बना कर रख दिया है। वैसे ऐसे ही कुछ हाल दूसरे प्रदेशों के भी हैं। मुलायम सिंह यादव जिन्होंने समाजवाद की परिभाषा ही बदल दी है, उन्हीं के लाडले अखिलेश सिंह यादव ने प्रदेशवासियों से फरियाद की थी कि एक बार उन्हें यूपी की सेवा करने का अवसर दिया जाए। वे प्रदेश की तस्वीर ही बदल कर रख देंगे। लोगों ने उन पर भरोसा किया। अभूतपूर्व जनादेश देकर राष्ट्र के विशाल प्रदेश का यह सोचकर मुख्यमंत्री बनाया कि यह मासूम-सा दिखने वाला नौजवान उनके सपनों को साकार करने में अपनी पूरी ताकत लगा देगा। युवा अखिलेश मुख्यमंत्री तो बन गये लेकिन लोगों की उम्मीदों की कसोटी पर खरे नहीं उतर पाये। वे गुंडे-बदमाशों की नकेल कसने की बजाय तमाशबीन की भूमिका में ही नजर आए। समाजवादी बदमाशों ने कानून की धज्जियां उडाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी। लूटपाट, उठाईगिरी, मारकाट और प्रदेश में होने वाले बलात्कारों ने पूरे देश को गुस्से और आक्रोश से भर दिया।
बीते वर्ष लखनऊ में एक आइएएस अधिकारी ने चलती गाडी में एक महिला यात्री को अपनी वासना का शिकार बनाकर यूपी के उच्च अधिकारियों की असली मनोवृति, उनकी चरित्रहीनता और व्यवस्था की पूरी तस्वीर उजागर कर दी थी। इसी वर्ष ढोंगी समाजवादी मुलायम सिंह ने भी महिलाओं पर होने वाले बलात्कारों को बडे हलके में लेते हुए जब यह कहा कि लडके जवानी के जोश में बलात्कार जैसी गलतियां कर गुजरते हैं। ऐसे अदने से गुनाह के लिए उन्हें फांसी की सजा देना तो सरासर अन्याय है। नेताजी के इस बयान के बाद बिगडैलों का मनोबल बढना ही था। भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कहा है बडे लोग जैसा कहते हैं और जैसा आचरण करते हैं, बाकी लोग वैसा ही अनुसरण करते हैं। मुलायम और अखिलेश के उत्तरप्रदेश में प्रतिदिन औसतन बलात्कार की दस घटनाएं होती हैं। यह वो आंकडा है जो पुलिस थानों तक पहुंच पाता है। बीते सप्ताह बदायूं में दो नाबालिग बहनों का गैंगरेप करने के बाद उनकी हत्या कर शवों को पेड पर लटका दिया गया। इस वारदात की आंच अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि सीतापुर में फिर से एक नाबालिग लडकी दबंगों की गुंडई का शिकार हो गई। उस पर भी बलात्कार कर शव को पेड पर लटका दिया गया। यह तो दरिंदगी और हैवानियत की इंतेहा है। प्रदेश में हो रही गुंडई ने स्पष्ट कर दिया है कि युवा अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाना प्रदेश की जनता को बहुत महंगा पडा है। एक बार फिर से यूपी छल, कपट और धोखे का शिकार हो गया। यूपी की बदहाल कानून व्यवस्था के कारण देश की पूरी दुनिया में बदनामी हो रही है। युवा मुख्यमंत्री खुद के गिरेबान में झांकने की बजाय मीडिया को दोषी ठहरा रहे हैं। यानी वे चाहते हैं कि जिस तरह से उन्होंने निष्क्रियता का चोला ओढ रखा है वैसे ही मीडिया भी आंखें मूंद ले।
देश और दुनिया के राजनीतिक विश्लेषण कर्ताओं को गलत साबित कर नरेंद्र मोदी अभूतपूर्व जनाधार प्राप्त कर देश के प्रधानमंत्री बन चुके हैं।  देशवासियों ने तो अपना कर्तव्य निभा दिया। अब अच्छे दिन लाने की जिम्मेदारी उन पर है। लेकिन देश में एक अजीब किस्म का सन्नाटा छाया हुआ है। इस सन्नाटे में कहीं न कहीं यह भय छिपा हुआ है कि कहीं नरेंद्र मोदी भी अखिलेश बनकर न रह जाएं। मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव की नाकामयाबी की सबसे बडी वजह उनके पिता, परिवार और आजम खान जैसे पुराने अक्खड, अदूरदर्शी, मतलबपरस्त और जिद्दी नेताओं की दखलअंदाजी रही है। नरेंद्र मोदी पर भी कुछ ताकतों की जबरदस्त घेराबंदी है जो उनके लिए घातक हो सकती है। उनकी सरकार में कुछ ऐसे चेहरे शामिल हैं जो सौदागर मनोवृति के हैं। उन्होंने पचासों करोड रुपये फूंककर येन-केन-प्रकारेण लोकसभा का चुनाव जीता है। इनका पुराना इतिहास बताता है कि यह जनसेवा के लिए कम और धनसेवा के लिए ज्यादा पसीना बहाते हैं। सच यह भी है कि खुद नरेंद्र मोदी ने भी पीएम की गद्दी को पाने के लिए अंधाधुंध धन फूंका है। यह अपार धन कहीं न कहीं से तो आया ही होगा। पाता ही दाता को जानता है। दाता को खुश करने के चक्कर में कहीं 'सरकार' भटक न जाएं और वो करोडों देशवासी माथा पीटते न रह जाएं जिनसे सुशासन और अच्छे दिन लाने का वायदा किया गया है। नरेंद्र मोदी की नीयत और अपार क्षमता पर शंका करने की हमारी कोई मंशा नहीं है। माया, लालू, मुलायम-चालीसा के दौर में उन्होंने अपनी जीवनी को पाठ्य पुस्तकों में शामिल करने से मना कर यह तो स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें चापलूसी कतई पसंद नहीं।
मोदी को भले ही चापलूसी पसंद न हो, लेकिन उन चाटूकारों का क्या... जिनकी चमचागिरी करने की आदत पड चुकी है। पत्रकारिता में ऐसे अवसरवादी भरे पडे हैं। पूंजीपतियों के अखबारों के अधिकांश संपादक टाइपिस्ट और पीए बनकर रह गये हैं। मालिकों के लिए दलाली करना ही इनकी पत्रकारिता है। दलाल संपादको का अनुसरण करने वाले पत्रकारों की जमात भी अच्छीखासी है जिसने पत्रकारिता को महज धंधा मान लिया है। फिर भी समर्पित पत्रकार जिंदा हैं जिनकी बदौलत अखबार और पत्रकारिता के प्रति रूझान और सम्मान बरकरार है। महाराष्ट्र के नारंगी शहर नागपुर से निष्पक्ष और निर्भीक राष्ट्रीय साप्ताहिक 'विज्ञापन की दुनिया' का सतत प्रकाशन करने के बाद 'राष्ट्र पत्रिका' के प्रकाशन का यही उद्देश्य है कि सत्ता और व्यवस्था के द्वारा हाशिए पर फेंके गए लोगों की आवाज बुलंद की जाए। शासन सत्ता और व्यवस्था में फैली अराजकता की वास्तविक तस्वीर पाठकों के समक्ष रखकर उन्हें उस सच्चाई से अवगत कराया जाए जिसे अक्सर दबा-छिपा दिया जाता है। हम राजनीति के हर पक्ष और समाज के हर चेहरे की हकीकत पेश करना पत्रकारिता का प्रमुख उद्देश्य मानते हैं। पूंजीपतियों, राजनेताओं, तथाकथित समाज सेवकों तथा सत्ता के हितों का पोषण करना हमारी पत्रकारिता में कतई शामिल नहीं है। अराजक तत्वों को सतत बेनकाब करना और अच्छे लोगों के आदर और सम्मान में कलम चलाते रहना 'राष्ट्र पत्रिका' का एकमात्र लक्ष्य भी है और दायित्व भी। जनहित विरोधी कार्यों का खुलासा करने के इस कर्म-धर्म में हम अकेले नहीं हैं। एक लम्बा कारवां है जो पिछले १८ वर्षों से हमारा मनोबल बढाता चला आ रहा है। देश और प्रदेशों में फैले तमाम पाठकों, शुभचिंतकों, लेखकों, संवाददाताओं, सहयोगियों अभिकर्ताओं, एजेंट बंधुओं का अभिनंदन... आभार...धन्यवाद, जिनकी बदौलत राष्ट्रीय साप्ताहिक 'राष्ट्र पत्रिका' को प्रकाशित करने का हम साहस जुटा पाये।

Thursday, May 29, 2014

मोदी की नसीहत

देश के मतदाताओं ने लाजवाब जनादेश देकर राजनीति के कई विद्धानों के मुंह पर ताले जड दिये हैं। इन महानुभावों ने ऐसे अभूतपूर्व जनादेश की कभी कल्पना ही नहीं की थी। इनका आखिर तक यही कहना था कि इस देश के अपरिपक्व मतदाता किसी भी पार्टी की झोली में इतने वोट नहीं डालने वाले जिससे कि वह केंद्र की सत्ता पर काबिज हो सके। उन्हें तो युवा मतदाताओं पर भी भरोसा नहीं था। वे जहां-तहां यही कहते नजर आये कि गरीब वोटर चंद नोटों में बिक जाते हैं। हर बार की तरह इस बार भी धन बल और बाहुबल अपना करिश्मा दिखायेगा। थैली शाहों के हारने का तो सवाल ही नहीं उठता। नरेंद्र मोदी के सपने तो धरे के धरे रह जाएंगे। कई लोगों को आम आदमी पार्टी से चमत्कार की उम्मीद थी। कांग्रेसियों को इस बार भी सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका के सिक्के के चल जाने का यकीन था। यही वजह थी कि प्रियंका गांधी ने अपनी दादी इंदिरा गांधी की तरह भाषणबाजी करने का अभियान चलाया। राहुल की तरह उनके भाषणों में कहीं कोई गहराई नहीं थी। नरेंद्र मोदी के सामने दोनों बच्चों से भी गये गुजरे साबित हुए। फिर भी चाटूकार कांग्रेसी आखिरतक यही कहते रहे की इस देश की अधिकांश जनता के दिल और दिमाग में गांधी परिवार बसा है। यह समझदार जनता गांधी और नेहरू परिवार के बलिदान को कभी भी नहीं भूल सकती। चाहे कुछ भी हो जाए, इस खानदान के साये में सांस लेती कांग्रेस पार्टी को तो अंतत: जीतना ही जीतना है।
अरविंद केजरीवाल से लेकर मुलायम, ममता, माया, नितिश आदि सबके सब यही मानकर चल रहे थे कि नरेंद्र मोदी तो मीडिया की पैदाइश हैं। देश में कोई लहर-वहर नहीं है। जब चुनाव परिणाम आएंगे तो मोदी लहर पर सवार भारतीय जनता पार्टी के सपनों के परखच्चे ही उड जाएंगे। इस बार भी चाराखोर लालू प्रसाद यादव और उनकी भ्रष्ट मंडली का संसद में डंका बजेगा। सत्ता के दलाल अमर सिंह और जया प्रदा की जीत तय है। दलबदलू अजीत सिंह और उसके साथी ही संसद भवन की शोभा बढाएंगे। मुलायम सिंह यादव अपनी पूरी फौज के साथ कांग्रेस के बचाव में दिख जाएंगे। यानी पिछली बार की तरह इस बार भी भ्रष्टाचारियों का पूरा का पूरा कुनबा सोलहवी लोकसभा में सीना ताने नजर आएगा। लेकिन मुंगेरीलालों के हसीन सपने धरे के धरे रह गये। गांधी परिवार के चहेतों के सभी पूर्वानुमान धरे के धरे रह गए। जनता ने मोदी विरोधियों के मसूंबों पर पानी फेर दिया। एकतरफा आये नतीजों ने मायावती, मुलायम, लालू, अमर, अजीत जैसे दिग्गजों की नाक काट दी। देश को पता चल गया कि १२९ साल पुरानी कांग्रेस के प्रति देशवासियों का मोहभंग हो चुका है। इस शुभ काम में खुद गांधी परिवार का बहुत बडा योगदान है। त्याग की मूर्ति कहलाने वाली सोनिया गांधी पूरे दस साल तक परदे के पीछे बैठकर डॉ. मनमोहन सिंह को कठपुतली की तरह नचाती रहीं और वे भी प्रधानमंत्री पद की गरिमा को विस्मृत कर बस हिलते-डुलते रहे। उन्हीं की सरकार के मंत्री और सांसद देश को लूटते रहे। अदना-सा शख्स राबर्ट वाड्रा अरबों-खरबों में खेलने लगा। गांधी परिवार के दामाद होने का उसने भरपूर फायदा उठाया। ऐसे न जाने कितने लुटेरों के हाथों देश लुटता रहा। लुटेरे मौज मनाते रहे। आम जनता पिटती-मरती रही। किसी को भी उस पर रहम नहीं आया। फिर भी इन धोखेबाज और निर्दयी शासकों को ऐसी करारी हार की कतई उम्मीद नहीं थी। मतदाता हर किसी का हिसाब रखते हैं। गांधी परिवार की चापलूसी करने वाले कांग्रेसी इस हकीकत को कभी समझ ही नहीं पाए। उनका खुद का तो कोई वजूद है ही नहीं। एक 'खानदान' के बलबूते पर चुनाव जीतने की आदत के शिकार रहे इन चाटूकारों को अपनी असली औकात का भी पता चल गया है। इसके लिए देश के वो मतदाता बधाई के पात्र हैं जिनकी परिपक्वता और ईमानदारी पर संदेह किया जा रहा था। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री की गद्दी संभालने के फौरन बाद अद्भुत सक्रियता दिखाकर अपने तमाम विरोधियों की अटकलों की इमारतों को धराशायी करना शुरू कर दिया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों को मनपसंद 'पर्सनल स्टाफ' चुनने से मना किया है। मोदी को अपने मंत्रियों को यह नसीहत इसलिए देनी पडी क्योंकि अभी तक अधिकांश मंत्री अपने करीबियों को ही व्यक्तिगत कर्मचारी के तौर पर नियुक्त कर देश को 'चोट' पहुंचाते आये हैं। मोदी ने अपने साथियो को भाई-भतीजा वाद की नीति से दूर रहने की भी सलाह दी है। इसके साथ ही वे कतई नहीं चाहते कि उनकी सरकार के मंत्री और सांसद सरकारी ठेके हथियाएं या फिर अपने रिश्तेदारों यार दोस्तों की झोली में डालते चले जाएं। दरअसल मोदी नहीं चाहते कि उनके राज में भी राबर्ट वाड्रा जैसे भ्रष्ट 'दामाद' फलें-फूलें। किसी रेलमंत्री का भांजा रिश्वतखोरी और दलाली में लिप्त पाया जाए। ऐसी नसीहत मोदी जैसा निष्पक्ष और निर्भीक नेता ही दे सकता है, क्योंकि उन्होंने कभी भी सप्रंग सरकार के मंत्रियों, नेताओं की तरह अपने यार-दोस्तों और रिश्तेदारों को सरकारी खैरातें नहीं बांटीं। उन्होंने कोयले से भी कभी अपना मुंह काला नहीं किया। अब आने वाला वक्त ही बतायेगा कि उनकी पार्टी के सांसद और साथी-मंत्री उनके कहे अनुसार चलते हैं या फिर उसी पुराने सरकारी इतिहास को दोहराते हैं जिसके सभी के सभी पन्ने काले ही काले हैं।

Thursday, May 22, 2014

मोदी के खौफ के सौदागर

ऐसी नापसंदगी और खुन्नस बहुत कम देखने में आती है। नरेंद्र मोदी का जिस दिन से पीएम के लिए नाम आया उसी दिन से तरह-तरह की प्रतिक्रियाओं का अंबार लगता चला गया। करोडों देशवासियों ने कहा कि परिवर्तन होना ही चाहिए। लोकतंत्र में विरोध और विरोधियों को भी नजर अंदाज नहीं किया जा सकता। ऐसा तो हो ही नहीं सकता कि किसी एक नेता को सभी कबूल कर लें। नरेंद्र मोदी के साथ भी ऐसा ही हुआ। लेकिन कुछ चेहरों के दिल और दिमाग का उबाल जब शब्दों के रूप में बाहर आया तो नादानी, छोटेपन और हैरत की अमिट लकीरें खिं‍च गयीं। पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी.देवगौडा का नाम कुछ देशवासियों को तो जरूर याद होगा। यह महाशय १९९६ में नाकाबिल होने के बावजूद भी भारत वर्ष के पीएम बनने में जिस तरह से कामयाब हो गये थे उससे यही लगा था कि बिल्ली के भाग्य से छींका टूट गया है। नरेंद्र मोदी के प्रति उनके दिल में पता नहीं कौन सी खटास है कि उन्होंने यह कहकर कटुता की सारी सीमाएं ही लांघ दीं : अगर मोदी के नेतृत्व में सरकार बनती है तो वह कर्नाटक छोड देंगे और राजनीति से भी संन्यास ले लेंगे। प्रबुद्ध जनों ने इसे किसी दिलजले की पीडा और ईर्ष्या का शर्मनाक इज़हार कहा। वैसे भी देवगौडा राजनीति के पुराने खिलाडी हैं। ऐसी बयानबाजियां उनके खून में रची-बसी हैं। चुप रहेंगे तो उनके होने का ही पता नहीं चलेगा। इसलिए ऐसा घटिया बयान देकर मीडिया की सुर्खियां पाने के साथ ही उन्होंने अपने दिमागी खोखलेपन को भी उजागर कर दिया। देवगौडा तो नेता कहलाने के भी हकदार नहीं हैं। एक अच्छा और सुलझा हुआ नेता अपने विरोधी नेता पर शाब्दिक बाण चलाने के लिए स्वतंत्र है। राजनीति में एक-दूसरे की कमजोरियों को उजागर करना भी जरूरी होता है, लेकिन प्रदेश छोडने और राजनीति को अलविदा कहने की धमकी देकर देवगौडा ने मोदी का कद बढा दिया और अपने पैरों पर कुल्हाडी मार दी। लंगडा-लूला यह भूतपूर्व प्रधानमंत्री अब किसी को अपनी शक्ल दिखाने के लायक भी नहीं बचा।
जिनकी सोचने-समझने की क्षमता ही जवाब दे चुकी हो उनका ऊल-जलूल बकना तो समझ में आता है, लेकिन किसी नामी-गिरामी साहित्यकार का देवगौडा जैसे शख्स के समकक्ष खडे नजर आना यकीनन हैरत में डाल देता है। ज्ञानपीठ और पद्म पुरस्कार से सम्मानित व कन्नड लेखक डॉ. यू.आर.आनंदमूर्ति ने एक समारोह में अपनी प्रगाढ विद्वता का प्रदर्शन करते हुए कहा कि मोदी जैसे व्यक्ति के प्रधानमंत्री बनने पर देश में दहशत फैलेगी। अगर वे देश की सत्ता पर काबिज हुए तो मैं भारतवर्ष में रहने की बजाय किसी दूसरे देश में जाकर अपना आशियाना बसा लूंगा। नरेंद्र मोदी को देश के लिए खतरा मानने वाले यह साहित्यकार बडे-बडे पुरस्कारों से नवाजे जा चुके हैं। तय है कि कलम के धनी होंगे ही। उनका लिखे साहित्य ने कई पाठकों पर अपनी छाप भी छोडी होगी। लेकिन मोदी पर व्यक्त किये गये उनके विचार और देश छोडने की धमकी उनकी छवि के अनुकूल तो कतई नहीं। ऐसे छोटे दिल के लेखक बडे साहित्यकार कैसे बन जाते हैं? कलम ही लेखक का सबसे बडा हथियार होती है। इस देश में लेखकों और साहित्यकारों पर किसी भी तरह की कोई बंदिश नहीं है। आनंदमूर्ति को मोदी इतने चुभ रहे थे तो वे उनको बेपर्दा करने के लिए स्वतंत्र थे। मोदी का विरोध करने के लिए अगर वे कलम का इस्तेमाल करते तो यकीनन हर किसी के चहेते साहित्यकार बन जाते। देश छोडने की धमकी देकर उन्होंने 'कलमकार' और 'साहित्यकार' की  गरिमा को ही ठेस पहुंचायी है। बुद्धिजीवी और चालू किस्म के लोगों में जमीन-आसमान का फर्क होता है। बुद्धिजीवी कभी प्रचार के भूखे नहीं होते। 'अधजल गगरी छलकत जाए' की कहावत को चरितार्थ करने वालों को मीडिया में छाये रहने की लत लग जाती है। एकाध फिल्म का निर्माण और कुछेक फिल्मों में अभिनय तथा रियलिटी शो 'बिग बास-३' में अपनी बेहूदी कलाकारी दिखा चुके कमाल खान ने भी मोदी के जीतने पर देश छोडने का ऐलान किया था। नरेंद्र जीत गए। भारतीय लोकतंत्र में अब तक की सबसे बडी विजय हासिल कर उन्होंने अपनी पार्टी भाजपा का भी कद बढा दिया। ऐसे नतीजों की उम्मीद किसी को भी नहीं थी। कमाल खान नरेंद्र मोदी के चुनाव जीतने के बाद दुबई भाग गया है। ऐसे लोग न रहम के काबिल हैं और न ही गुस्से के। यह तो अवहेलना और तिरस्कार के हकदार हैं। असली पीडा तो राजनेता देवगौडा और साहित्यकार अनंतमूर्ति जैसों की सोच को लेकर होती है। दरअसल इन तमाम लोगों को मोदी की जीत पर यकीन ही नहीं था। उन्हें लग रहा था कि न भाजपा जीतेगी और न ही मोदी के नाम का कभी डंका बज पायेगा। लेकिन जो परिणाम आये वे तो देवगौडा और आनंदमूर्ति जैसों के मुंह पर तमाचे से भी बढकर हैं। जो करिश्मा सोनिया, राहुल, प्रियंका और तमाम राजनीतिक पार्टियों के दिग्गज नहीं दिखा पाए अकेले मोदी ने दिखा दिया। लोकसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद देश में जिस प्रकार की राजनीतिक तस्वीर बनी है उससे कई नेताओं को बेहद आघात लगा है। आघात की चपेट में आकर छटपटाते नेता यह भूल गए हैं कि मतदाताओं का फैसला कभी गलत नहीं होता। मतदाताओं ने नरेंद्र मोदी के प्रति अभूतपूर्व विश्वास जताकर देश के बिके और भटके हुए नेताओं को यह संदेश दिया है कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढती। महाघोटालेबाज सावधान हो जाएं। उनके जेल जाने के दिन करीब आ गए हैं। दुविधाग्रस्त राजनेताओं और साहित्यकारों की निगाह में नरेंद्र दामोदरदास मोदी चाहे कुछ भी हों लेकिन देश की जनता की निगाह में वे एक ऐसे नायक हैं जो देश की तस्वीर को बदलने का दम रखते हैं।