बेटी ने पिता की हत्या कर दी। जिसने भी सुना हतप्रभ रह गया। यह कैसे और क्यों हुआ? संतरों के शहर नागपुर में एक गरीब परिवार के 44 वर्षीय मुखिया को शराब पीने की लत थी। दिनभर मजदूरी कर जो कमाता शराब पीकर उड़ा देता। उसकी पत्नी लोगों के घर बर्तन धोने और झाड़ू पोंछा कर जो कमाती थी उसी से किसी तरह से घर चल रहा था। पत्नी जब काम करने के लिए घर से बाहर जाती तो शराबी पिता अपनी 17 वर्षीय बेटी को अकेला पाकर उससे बड़ी निर्लज्जता के साथ अशोभनीय हरकतें करने लगता। विरोध करने पर मार काटकर फेंक देने की धमकियां देता। अपने जन्मदाता की हैवानियत से बेटी तंग आ चुकी थी। बार-बार हाथ जोड़कर विनती करने के बावजूद वासना का गुलाम बाप अपनी हरकतों से बाज़ नहीं आ रहा था। बीते मंगलवार को रात आठ बजे वह शराब के नशे में टुन्न होकर घर पहुंचा। डरी-सहमी बेटी तब पढ़ाई कर रही थी। उसका छोटा भाई भी घर के कमरे के कोने में दुबक कर बैठा था। बेटी को अकेली देखकर उसकी नीयत डोल गई। उसने उसे अपने पास बुलाया। उसकी फितरत से वाकिफ बेटी ने अंदर आने से मना कर दिया तो वह बाहर आकर उसके जिस्म से छेड़छाड़ करने लगा। जब बेटी ने देखा कि वह सभी सीमाएं लांघने की ठाने है तो उसने घर में रखी क्रिकेट की बैट उठायी और जोर से उसके सिर पर दे मारी। नशे में धुत होने के कारण वह जमीन पर ऐसा गिरा कि दोबारा उठ नहीं पाया। कुछ देर बाद जब मां घर लौटी तो बेटी ने तुरंत उसे सब कुछ बता दिया। मां नि:शब्द थी। वह कभी मृत पड़े अपने पति को देखती तो कभी अपनी बेटी को, जिसने अपनी अस्मत बचाने के लिए बाप का खून कर दिया था। मां के मन में विचारों की आंधी चल रही थी। अब बेटी का क्या होगा? बेटी ने ज्यादा सोच-विचार न करते हुए खुद ही पुलिस को फोन कर जानकारी दे दी। 18 वर्ष से कम उम्र की होने के कारण उसे अमरावती स्थित महिला सुधारगृह में भेज दिया गया।
शरीर की दानवी भूख मिटाने के लिए इंसान कितना नीचे गिर जाता है। इसी का पर्दाफाश करती अखबारों में छपने वाली खबरों को पढ़कर आखिर किस का मन आहत और चिंतित नहीं होता! हमारी बहन, बेटियां दुराचारियों के गिरोह से कैसे बचें? जवाब लगातार दुर्लभ होता जा रहा है। अफसोस और चिंता की बात तो यह भी है कि कुछ घर परिवार भी बहू-बेटियों के लिए जंगल हो गये हैं। जहां अपने ही देहभक्षी जानवर बनने से नहीं घबराते। शहर नागपुर में ही रात करीब 8 से 9 बजे के बीच एक दरिंदा मात्र 9 वर्षीय बालिका को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। उसने उसे आश्वस्त किया कि उसके माता-पिता ने उससे कहा है कि हमारी बच्ची को तब तक अपने घर में रोके रखो, जब तक वे काम से लौट नहीं आते। बालिका गुमराह करने वाले युवक को जानती-पहचानती थी। इसलिए उसने उसके साथ जाने में आनाकानी नहीं की। बालिका के माता-पिता मजदूरी करते हैं। वासना की आग में अंधे बने युवक ने अपने घर पहुंचते ही बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करनी प्रारंभ कर दीं। उसके इस शर्मनाक अश्लील कृत्य पर अचानक किसी स्थानीय व्यक्ति की नज़र जा पड़ी। उसने आसपास के लोगों को खबर कर दी। देखते ही देखते सत्तर-अस्सी लोगों की गुस्सायी भीड़ ने युवक को घेरकर दबोचा और अंधाधुंध धुनाई कर दी। बालिका के माता-पिता भी वहां पहुंच गए। पुलिस को सूचना मिलने पर लहुलूहान युवक को अस्पताल ले जाया गया। गंभीर चोटें लगने के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भीड़ के हिंसक होने और कानून हाथ में लेने की ऐसी घटनाएं अब आम होती चली जा रही हैं। अपराधी को कानून के हवाले करने की बजाय खुद फौरन फैसला करने में नारंगी नगर अग्रणी रहा है। साल 2004 में बेकाबू भीड़ ने कुख्यात अपराधी, बलात्कारी अक्कू यादव को जिला अदालत परिसर में ही पीट-पीटकर मार डाला था। हैरतभरी हकीकत यह भी है कि इस हत्याकांड को ज्यादातर महिलाओं ने ही अंजाम दिया था। इसी तरह से 2012 में महिलाओं से छेड़छाड़ करने और बच्चा चोरी करने के आरोप में तीन बहुरुपियों को भीड़ ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था। जहां-तहां ऐसी घटनाओं के तेजी से बढ़ने से यह सवाल भी उठने लगे हैं कि क्या लोगों का कानून और पुलिस व्यवस्था से भरोसा उठने लगा है?
लोग अंधे नहीं। उन्हीं के सामने कई संगीन अपराधी कानूनी दांव-पेंच की बदौलत आसानी से छूट जाते हैं। इसलिए मजबूरन कानून को अपने हाथ में लिया जाने लगा है? यह तथ्य भी काबिलेगौर है कि जब भी देश में कहीं बलात्कार होता है या आपसी मनमुटाव अवैध रिश्तों के कारण हत्या कर दी जाती है तो पूरे देश में गुस्से की आंधी चलने लगती है। पकड़ में आए बलात्कारियों और हत्यारों को तुरंत फांसी के फंदे पर लटकाने की मांग बलवति हो जाती है, जबकि सच तो यह है कि कानून अपने नियम-कायदे से काम करता है। बीते वर्ष के चर्चित सनसनीखेज नीले ड्रम कांड के बारे में अनगिनत लोगों ने पढ़ा और सुना होगा। मर्चेंट नेवी अधिकारी सौरभ राजपूत की हत्या उन्हीं की पत्नी मुस्कान ने कर दी थी। उसके बाद उसने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर शव के टुकड़े कर एक नीले ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट व रेत से सील कर दिया था। इस राक्षसी घटना को अंजाम देने के पश्चात दोनों आरोपी बड़े आराम से शिमला घूमने चले गए थे। लगभग दो हफ्ते बाद मामले का खुलासा होते ही पुलिस ने घर से नीले ड्रम में रखा शव बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। इस कांड ने देश ही नहीं विदेश के मीडिया में भी सुर्खियां बटोरी थीं। पूरे देश में हत्यारों को भरे चौराहे पर खड़ा कर फांसी के फंदे पर लटकाने की मांग के साथ उनकी खूब थू...थू की गई थी। 13 महीने चली सुनवाई, गवाहों के बयान और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने मुस्कान और साहिल अपराधी मानते हुए फांसी यानी मृत्युदंड की सजा सुनाई। इससे अधिकांश सजग देशवासियों ने राहत की सांस ली लेकिन मृत्युदंड की प्रासंगिकता पर भी कुछ विद्वानों ने सवाल उठाते हुए तीव्र बहस छेड़ दी...‘‘क्या अपराधियों को फांसी के फंदे पर लटका कर हमेशा-हमेशा के लिए खत्म कर देना वाकई सार्थक न्याय है? माना कि हत्या से ज्यादा घिनौना और रोंगटे खड़े कर देने वाला और कोई संगीन अपराध नहीं हो सकता, लेकिन मृत्युदंड से भी वैसे ही बदला लेने का उद्देश्य परिलक्षित होता है, जैसे कभी खून का बदला खून की आदिम परिपाटी चलती थी। जिन लोगों को मृत्युदंड राहत देता है उन्हें यह भी विचारना होगा कि दुनिया आदिम प्रतिशोध की भावना से बहुत आगे निकल चुकी है। अधिकांश देश ऐसे है, जहां पर फांसी की सजा को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया है। संयुक्त राष्ट्र तथा विश्वभर के न्याय शास्त्रियों ने सतत शोध कर यही निष्कर्ष पेश किया है कि फांसी की क्रूरतम सजा से ऐसे अपराधों में कमी नहीं आती। अक्सर देखने और सुनने में आता है कि बलात्कार, व्यभिचार, अवैध संबंध और हत्याओं के पीछे कुंठा, मानसिक विकृति, अतृप्ति नशा, अधैर्य और तात्कालिक आवेश की ऐसी तीव्रतम भूमिका होती है कि अपराधी आगा पीछा भूल जाता है। सजा का भय और किसी तरह की चिन्ता का उसे ख्याल ही नहीं आता। वह तो बस जो ठान लेता है, वही कर गुजरता है। मृत्युंदड के स्थान पर उम्रकैद की जैसी सज़ा पाये अपराधी को ताउम्र जिस तरह से प्रायश्चित करते हुए मर-मर जीना पड़ता है वही उसके लिए सबसे बड़ी सज़ा है। कहीं न कहीं अपनी गलती सुधारने का समय उसे मिलता है, लेकिन मर जाने के बाद तो सारा खेल तमाशा ही खत्म हो जाता है।’’
तथाकथित विद्वान कुछ भी कहें और प्रचारित करें, लेकिन मेरा तो यही मानना है कि नीला ड्रम हत्याकांड को अदालत ने ‘रेयरेस्ट ऑफ द रेयर’ श्रेणी का अत्यंत संगीन अपराध माना है, तभी दोषियों को मृत्युदंड सुनाया है। इस दिल दहलाने वाले कांड के बाद लाल, पीले, काले ड्रम में लाशे छिपाने की झड़ी लगने की खबरें सभी ने पढ़ीं। अपने होनेवाले पति को ऊंचे पहाड़ से गहरी खाई में धकेलने की हकीकत ने भी सभी को चिंतित और परेशान किया। अपने शराबी अय्याश पिता को क्रिकेट बैट से मार गिराने वाली बेटी खुद को अपने जन्मदाता की वहशी भूख का निवाला नहीं बनने देना चाहती थी। उसे जब कोई उपाय नहीं सूझा तो उसे मजबूरन हिंसक होना पड़ा। सुसंस्कृत परिश्रमी मां की बेटी कतई नहीं चाहती रही होगी कि उसके हाथों पिता की मौत हो जाए। ऐसी घटनाओं की लंबी फेहरिस्त है। कभी-कभी बेकसूर भी फांसी की सज़ा पा जाता है। यदि किसी बेगुनाह को फांसी दे दी जाए और बाद में सच्चाई का पता चले तो उसे फिर से इस दुनिया में तो नहीं लाया जा सकता। घिनौने, अकल्पनीय हत्याकांडों को अंजाम देनेवाले अपराधियों को मृत्युदंड देना अनुचित नहीं। इनको फांसी पर लटकाये जाने से उन लोगों में भय बना रहता है जो हत्या, बलात्कार जैसी विनाशकारी भावनाओं से परिपूर्ण होते हैं। परिवार मनुष्य के जीवन की पहली पाठशाला है। इस पाठशाला में यदि बचपन से ही एक दूसरे के प्रति मान-सम्मान, श्रद्धा, करुणा और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार को प्राथमिक तौर पर विकसित किया जाए तो अपराधों में कमी आ सकती है। अपनी ही बेटी की इज्जत को तार-तार करने वाले बाप को तो बाप कहलाने का ही कोई हक नहीं। उसकी जगह तो नर्क में होनी चाहिए। वह ना तो समाज में रहने लायक है और ना ही उसके लिए परिवार में कोई जगह हो सकती है।

No comments:
Post a Comment