Thursday, August 7, 2014

बदल रहे हैं बलात्कार के मायने

अब खबरों और कहानियों में फर्क कर पाना मुश्किल हो गया है। कई बार तो खबरों की रोचकता कहानियों को भी मात दे देती है। पहले छोटी सी खबर आती है फिर वही खबर धीरे-धीरे एक बडी कहानी बन जाती है। कितनी खबरें तो ऐसी भी होती हैं जो फौरन आयी-गयी हो जाती हैं। लेकिन बलात्कार की खबरों का तो जलवा ही खास होता है। नामी-गिरामी लोगों के द्वारा किये जाने वाले बलात्कारों पर खूब शोर मचता है। बडे-बडे चिन्तक बलात्कार पर दिमाग खपाते हैं। कुछ जाने-पहचाने विद्वान न्यूज चैनलों पर धडाधड जुबान लडाते हैं। पर बलात्कार हैं कि खत्म होते ही नहीं। सतत चलते रहते हैं। कभी यहां, कभी वहां। १२५ करोड की जनसंख्या वाले देश में बलात्कार सभी खबरों पर भारी पडते हैं। इन खबरों को बडी चतुराई से छापा और दिखाया जाता है। यही वजह है कि यह लोगों के दिलो-दिमाग में जोंक की तरह चिपकी रहती हैं। कइयों को पीडिता और बलात्कारी का नाम भी कंठस्त हो जाता है। स्कूल-कालेजों में फिसड्डी रहने वाले लडके लडकियां भी इनसे खूब मनोरंजित होते हैं। पढने तो पढने, पढाने वाले भी इससे अछूते नहीं रहते। मुंबई की एक २५ वर्षीय खूबसूरत मॉडल ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पर बलात्कार का आरोप जड दिया। यह खबर पलक झपकते ही देशभर के अखबारों और न्यूज चैनलों पर ऐसे छा गयी जैसे कहीं बहुत बडा तूफान आया हो। यह खबर रोज आनेवाली बलात्कारों की खबरों से ज्यादा अलग नहीं थी। इसमें भी वही सबकुछ था जो आजकल अक्सर होने वाले यौन शोषण के किस्सों में होता है। मामला एक बडे पुलिस अधिकारी से जुडा था। वैसे भी मुंबई पुलिस का बलात्कारों से पुराना नाता रहा है। मुंबई को मायानगरी भी कहा जाता है। यहां की माया बडी निराली है। जिसे समझ पाना हर किसी के बस की बात नहीं है। यहां सपने देखने वालों की भीड बसती है। पर सभी के सपने पूरे नहीं हो पाते। इस खबर की नायिका भी एक स्वप्नजीवी मॉडल है। दोनों की पुरानी जान-पहचान थी। मेल-मुलाकातें होती रहती थीं। एक दूसरे को उपहारों का आदान-प्रदान भी होता रहता था। अधिकारी ने मॉडल को साडी के विज्ञापन वाली फिल्म में काम भी दिलवाया था। ऐसी मेहरबानियों और करिबियो के बावजूद एकाएक मॉडल ने यह धमाका किया कि पुलिस अफसर ने उसे मुंबई के पांच सितारा होटल में मिलने के लिए बुलाया और एक कमरे में ले जाकर बलात्कार कर डाला। इसके बाद भी मॉडल अधिकारी से मिलती-जुलती और यौन शोषण करवाती रही। लगभग सात महीने बाद मॉडल की नींद टूटी कि उसकी इज्जत लूटी जा चुकी है। वह कहीं की नहीं रही। उसने फौरन पुलिस स्टेशन पहुंच कर अधिकारी की कारगुजारी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। इस अनोखे बलात्कार पर तरह-तरह की बातें होती रहीं। पुलिस अधिकारी और मॉडल की कई आपत्तिजनक हालत की तस्वीरें सामने आने के बाद यह तो स्पष्ट हो गया कि अधिकारी ने मॉडल से यौन संबंध बनाए। मोबाइल से भेजे गए मैसेज, विडियो क्लिप ने भी अधिकारी के वासना के दलदल में धंसे होने के पुख्ता सुबूत दे दिए। लेकिन एकाएक बलात्कार का बम फोडने वाली मॉडल को पाक-साफ मानने वालों ने अधिकारी को ही अकेला दोषी मानकर चिल्लाना शुरू कर दिया। यह तो अच्छा हुआ कि अचानक सच बाहर आ गया। उसी के वकील ने ही रहस्योद्घाटन कर दिया कि मॉडल ने रिएलिटी शो 'बिगबॉस' में पहुंचने के लिए ही यह सारा का सारा ड्रामा रचा। अधिकारी की किसी अन्य मॉडल से निकटता भी उसे खलने लगी थी।
चरम भोग के इस परम दौर में कई सच कभी भी उजागर नहीं हो पाते। उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश पर एक महिला जज ने यौन उत्पीडन का संगीन आरोप लगाकर गजब की सनसनी फैलायी। महिला जज के अनुसार न्यायाधीश उन्हें आइटम डांस करने को मजबूर करते थे। जब उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हुई तो उन्होंने और भी घटिया व्यवहार करना शुरू कर दिया। न्यायाधीश की मनचाही इच्छा को पूर्ण करने से इनकार करने पर उनका काफी उत्पीडन किया गया। उनका सुदूरवर्ती स्थान पर तबादला कर दिया गया। जिससे वे इतनी अधिक आहत हुर्इं कि अंतत: उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया।
कोलकाता की ४२ वर्षीय महिला की फेसबुक के माध्यम से वीरभूमि में रहने वाले एक ३३ वर्षीय युवक से दोस्ती हो गयी। युवक ने फेसबुक पर अपनी विभिन्न फोटो डाल रखीं थीं। सभी में वह स्मार्ट और खूबसूरत नजर आता था। महिला युवक पर लट्टु हो गयी। फेसबुक पर कुछ दिनों की चैट के बाद महिला ने अपने अनदेखे दोस्त को कोलकाता आने और जश्न मनाने का निमंत्रण दे दिया। उसने उसे पूरी तरह से आश्वस्त कर दिया कि उसका भरपूर स्वागत किया जाएगा। उसके मन की सभी इच्छाएं भी पूरी कर दी जाएंगी। युवक भी महिला से मिलने को उतावला था। निमंत्रण पाते ही वह महिला के घर जा पहुंचा। महिला उसे देखते ही घोर निराशा की चादर में लिपट कर रह गयी। उसे लगा जैसे किसी ने उसके साथ बहुत बडा धोखा किया हो। जिस युवक को वह अपना सबकुछ सौंपने के लायक समझ रही थी वह तो जैसे छल और धोखे का प्रतिरूप निकला। उसका मोटापा, नाटापन और बदसूरती महिला को इस कदर खली कि उसने उसे दुत्कार दिया। वासना के बुखार में तपता युवक येन-केन-प्रकारेण उससे शारीरिक संबंध बनाने की जिद पर अड गया। जब उसकी मंशा पूरी नहीं हुई तो उसने उसकी चाकू मार कर हत्या कर दी। इस खबर को पढने के बाद मैं बहुत देर तक सोचता रहा। मेरे मन में यह विचार आया कि यदि कहीं युवक फेसबुक की फोटो की तरह ही हट्टा-कट्टा और खूबसूरत होता तो महिला उसके साथ रंगरेलियां मनाने में देरी नहीं लगाती। अपनी वासना की भूख को मिटाने के लिए लंबा सफर तय कर कोलकाता पहुंचे आशिक की सभी मुरादें पूरी हो जातीं। लेकिन इस अवैध रिश्ते का अन्तत: तो वही हश्र होता जो अभी तक होता आया है। देह की भूख के लिए कत्ल कर देने से बडी कोई दरिंदगी नहीं हो सकती। ऐसे दिल को दहला कर रख देने वाले मंजर देख और सुनकर घबराहट होने लगती है। दिल बैठ जाता है। ऐसे में न प्यार की परिभाषा समझ में आती है और न ही व्याभिचार और बलात्कार की। सबकुछ जैसे गडमड हो गया है...।

No comments:

Post a Comment